Underworld Don Dawood Ibrahim: अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। दाऊद को जहर दिए जाने की खबर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। दावा किया जा रहा है कि उसे कराची में जहर दिया गया है। पाकिस्तानी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही रिपोर्ट्स के मुताबिक, हालत गंभीर होने की वजह से उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि दाऊद को जहर दिए जाने की खबरों की किसी रिपोर्ट में पुष्टि नहीं हुई है।
बताया जा रहा है कि जिस अस्पताल में दाऊद भर्ती है वहां कड़ी सुरक्षा है। अस्पताल के उस फ्लोर पर दाऊद ही इकलौता मरीज है। शीर्ष अस्पताल अधिकारियों और उनके करीबी परिवार के सदस्यों को ही मंजिल तक पहुंचने की इजाजत है।
पाकिस्तान में दाऊद को जहर देने की खबर के बाद देश में हलचल तेज हो गई है। पाकिस्तान में इंटरनेट सर्वर डाउन की खबर आ रही है। देश के कई बड़े शहर लाहौर, कराची, इस्लामाबाद में भी सर्वर डाउन है। इसके अलावा एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम भी नहीं चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि रात 8 बजे के बाद से इंटरनेट की स्पीड स्लो कर दी गई।
दुनिया भर की इंटरनेट, साइबर सुरक्षा और डिजिटल गवर्नेंस पर नजर रखने वाली संस्था नेटब्लॉक ने पाकिस्तान में सोशल मीडिया प्लेटफार्मस पर रोक लगाए जाने की पुष्टि की है।
पाकिस्तान की पत्रकार आरजू काजमी ने दाऊद को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है। काजमी ने कहा, ‘दाऊद इब्राहिम को किसी ने जहर दिया है। उसके बाद उसकी तबीयत खराब हो गई। उसको कराची के किसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उन्होंने कहा कि यह खबर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है, लेकिन यह कहां तक सही है। इसकी जानकारी नहीं। इतना जरूर है कि दाल में कुछ काला है। पाकिस्तान में सोशल मीडिया और इंटरनेट का सर्वर डाउन कर दिया गया है।’
जीयो टीवी न्यूज ने भी सोशल मीडिया पर चल रही इन चर्चाओं का हवाला देते हुए कहा कि अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम को लेकर अफवाहें फैल रही हैं, जिसे कथित तौर पर गंभीर चिकित्सा स्थिति के बाद पाकिस्तान के कराची में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अपुष्ट रिपोर्टों में इसका कारण जहर बताया जा रहा है। 65 वर्षीय भगोड़ा दुनिया भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों से बचते हुए कई वर्षों से कराची में रह रहा है।
पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक, अस्पताल में भर्ती होने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है, क्योंकि पाकिस्तानी और भारतीय अधिकारियों ने इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। अटकलें लगाई जा रही हैं कि दाऊद की अचानक तबीयत खराब होने के पीछे का कारण जहर हो सकता है। इससे पहले भी दावा किया गया था कि दाऊद कई गंभीर बीमारियों से जूझ रहा है। पिछले दिनों चर्चा थी कि गैंग्रीन के कारण कराची के एक अस्पताल में उसके पैर की दो उंगलियां काट दी गई थी।
बताया जा रहा है कि मुंबई पुलिस के अधिकारी दाऊद के करीबी रिश्तेदारों (भतीजे अलीशाह पारकर और साजिद वागले) से भी इस बारे में अधिक जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं।
दाऊद का जन्म दिसंबर 1955 में महाराष्ट्र के रत्नागिरी जिले में हुआ था। उसके पिता इब्राहिम कासकर पुलिस कांस्टेबल थे। बाद में दाऊद इब्राहिम का परिवार मुंबई के डोंगरी इलाके में बस गया था। 70 के दशक में दाऊद का नाम मुंबई के अंडरवर्ल्ड में तेजी से उभरने लगा था। पहले वो हाजी मस्तान गैंग में काम करता था। वहीं रहते हुए उसका प्रभाव बढ़ने लगा। उसके गैंग को लोग डी-कंपनी कहने लगे थे। दाऊद उसका प्रमुख माना जाता था।