Chhattisgarh, Mizoram Vidhan Sabha Election 2023: देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव में से दो में राज्यों में मतदान आज जारी है। इन पांचों राज्यों (मध्य प्रदेश ,राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम) के नतीजों को सेमीफाइनल के तौर पर तो नहीं देखा जाएगा, लेकिन लेकिन 2024 के आम चुनाव के हिसाब से सभी राजनीतिक दलों के लिए रिहर्सल जरूर है। आज मिजोरम की सभी 40 विधानसभा सीटों और छत्तीसगढ़ राज्य की 20 विधानसभा सीटों पर वोटिंग जारी है। मिजोरम में जहां 40 विधानसभा सीटों पर 8.57 लाख से अधिक मतदाता 174 उम्मीदवारों के किस्मत का फैसला करेंगे, वहीं छत्तीसगढ़ में पहले चरण में राज्य के 40,78,681 मतदाता 223 उम्मीदवारों के भाग्य को ईवीएम में कैद करेंगे। कई लोग इन चुनावों को साल 2024 में होने वाले लोकसभा के आम चुनावों का सेमीफाइनल बता रहे हैं। इसमें भारतीय जनता पार्टी की अगुवाई वाले एनडीए और कांग्रेस के गठबंधन इंडिया का इम्तिहान हो सकता है। हालांकि, कांग्रेस के साथी दल चुनावों में चुनौती देने का ऐलान कर चुके हैं। बीजेपी के सबसे बड़े नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बीते कुछ महीनों से इन राज्यों में लगातार दौरे कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस पार्टी की सरकार है। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी सरकार चला रही है। तेलंगाना में भारत राष्ट्र समिति (पूर्व में तेलंगाना राष्ट्र समिति या टीआरएस) की सरकार है। वहीं मिजोरम में मिजो नेशनल फ्रंट की सरकार है।
Assembly Election 2023:पांच राज्यों के चुनाव को केंद्र की सत्ता के सेमीफाइनल के तौर पर देखा जा रहा है
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: पूर्वोत्तर के राज्य मिजोरम में आज मतदान जारी है। मिजोरम में कुल 40 सीटें हैं। पांच साल पहले हुए चुनाव में मिजो नेशनल फ़्रंट (एमएनएफ़) ने 27 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी। कांग्रेस और बीजेपी जैसी राष्ट्रीय पार्टियों का यहां प्रदर्शन बहुत ही खराब रहा था। एमएनएफ ने 27 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। कांग्रेस को चार और बीजेपी को सिर्फ़ एक सीट हासिल हुई थी।
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: तेलंगाना में 30 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। तेलंगाना की विधानसभा में कुल 119 सीटें हैं। पांच साल पहले हुए विधानसभा चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस, अब बीआरएस) ने 88 सीटों के साथ बड़ी जीत हासिल की थी। कांग्रेस को 19, टीडीपी को 13, असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम को सात और बीजेपी को एक सीट हासिल हुई थी।
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: राजस्थान में 23 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। राजस्थान में अभी अशोक गहलोत की अगुवाई में कांग्रेस की सरकार है। राजस्थान में कुल 200 सीटें हैं। साल 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस ने 39.3 प्रतिशत वोटों के साथ 100 सीटें हासिल की थीं। बीजेपी को 38.77 प्रतिशत वोटों के साथ 73 सीटें मिली थीं। बीएसपी ने छह सीटें हासिल की थीं।
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को मतदान होगा। मध्य प्रदेश विधानसभा में कुल 230 सीटे हैं। राज्य में शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है लेकिन साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव कांग्रेस ने ज़्यादा सीटें हासिल की थीं और सरकार बनाई थी। पांच साल पहले कांग्रेस को 114 सीटें मिली थीं और बीजेपी ने 109 सीटें हासिल की थीं। हालांकि मत प्रतिशत में बीजेपी थोड़ा आगे थी। बीजेपी ने 41.02 प्रतिशत और कांग्रेस ने 40.89 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। दो सीटें बीएसपी ने हासिल की थीं।
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: छत्तीसगढ़ विधानसभा में कुल 90 सीटें हैं। साल 2018 में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जबरदस्त जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने 43.04 प्रतिशत वोटों के साथ 68 सीटों पर जीत हासिल की थी। बीजेपी के हिस्से सिर्फ 15 सीटें आईं थीं। बीजेपी को 32.92 प्रतिशत वोट मिले थे। राज्य में दो सीटें बहुजन समाज पार्टी ने हासिल की थी। उसे 3.87 प्रतिशत वोट मिले थे।
Assembly Election 2023 LIVE UPDATES: पांच में से तीन राज्य (मध्य प्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़) हिंदी पट्टी के हैं। यहां केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस का सीधा मुकाबला है। हालांकि, चुनाव मैदान में दूसरे दल भी हैं, लेकिन मुख्य लड़ाई कांग्रेस और बीजेपी में मानी जा रही है। इन तीन में दो राज्यों में कांग्रेस की सरकार है और मध्य प्रदेश में बीजेपी का शासन है।
Assembly Election 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मिजोरम और छत्तीसगढ़ के मतदाताओं से ज्यादा से ज्यादा वोट डालने की अपील की है।