Weather Forecast Today, 21 december: लद्दाख, जम्मू-कश्मीर हिमाचल, पंजाब, हरियाणा सहित उत्तर भारत के अन्य राज्य शीतलहर की चपेट में हैं। लद्दाख में पारा -20.2 डिग्री नीचे चला गया तो कश्मीर में – 6.2 डिग्री तक चला गया। पंजाब के आदमपुर में 2.6 डिग्री और राजस्थान के सीकर में तीन डिग्री तापमान रहा। भारतीय मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
मौसम विभाग ने बताया कि लद्दाख के नियोमा में पारा गिर कर शून्य से 20.2 डिग्री नीचे और कश्मीर के पहलगाम में शून्य से 6.2 डिग्री नीचे पहुंच गया है। हिमाचल प्रदेश के कल्पा में -2.2 डिग्री नीचे चला गया। इस बीच ताजा पश्चिमी विक्षोभ हिमालय की ओर आगे बढ़ रहा है। इसके कारण अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा के साथ छिटपुट गरज के साथ छींटे पड़ेंगे, बिजली चमकेगी।
22 से 24 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर,लद्दाख व हिमाचल प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश व बर्फबारी की संभावना है और 23 दिसंबर को उत्तरी पंजाब, उत्तरी हरियाणा और उत्तराखंड में भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, असम, मेघालय और नगालैंड में अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।
पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार और त्रिपुरा के कुछ इलाकों में कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने बताया कि 22 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो पहाड़ों में ताजा बर्फबारी व हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में न्यूनतम तापमान में अगले दो दिन तक कोई बदलाव की संभावना नहीं है और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग ने बताया कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़-दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और पश्चिम उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान चार से आठ डिग्री सेल्सियस रह सकता है। उत्तर प्रदेश, दक्षिण राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के अधिकांश हिस्सों में 8 से 12 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। साथ ही पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में शीतलहर भी देखी गई।