99 Percent mobile phones are Made in India: क्या आपको पता है कि आपके हाथ में जो फोन है वो ‘मेड इन इंडिया’ है? जी हां, कम्युनिकेशंस और आईटी मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक यह सच है। केंद्रीय मंत्री ने कहा है कि देश में इस्तेमाल किए जा रहे 99 प्रतिशत से ज्यादा मोबाइल फोन्स भारत में ही बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोबाइल मैन्युफैक्चरिंग इंडस्ट्री की वैल्यू 44 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर चुकी है।
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने होसूर स्थित टाटा ग्रुप के आईफोन प्लांट में अपनी पहली विजिट के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आज भारत में इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्टरिंग ने 100 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार कर लिया। उन्होंने कहा कि ना केवल संख्या में इजाफा हुआ है बल्कि वैल्यू चेन में भी भारत आगे बढ़ रहा है क्योंकि कई सारे कंपोनेंट को भी देश में ही बनाया जा रहा है।
गौर करने वाली बात है कि टाटा ग्रुप (Tata Group) ने पिछले महीने यानी अक्टूबर 2023 में ताइवान के Wistron प्लांट का अधिग्रहण किया था। आईफोन की मैन्युफैक्चरिंग करने वाले इस प्लांट को टाटा ने करीब 125 मिलियन डॉलर की एक डील में खरीदा था।
उन्होंने आगे कहा, ‘पिछले 9 सालों में हम एक लेवल पर पहुंचे हैं जहां हमने इलेक्ट्रॉनिक्स और प्रोडक्ट्स में एक्सपोर्ट से होने वाली ग्रोथ देखी है। इस कठिन इंडस्ट्री के हर कर्मचारी का योगदान इसमें है।’
केंद्रीय मंत्री ने बताया, ‘हमारे सेमीकंडक्टर प्रोग्राम में काफी प्रोग्रेस हुई है…चिप बनाने वाले प्लांट के कंस्ट्रक्शन का काम काफी बढ़िया चल रहा है। कुछ मशहूर लोग इंडस्ट्री में मोबाइल फोन की ग्रोथ की आलोचना करते हैं और इससे जेनरेट होने वाले रोजगार को भूल जाते हैं।’