दक्षिण कोरिया में पनाह लेने के लिए समुद्र के रास्ते से आ रहे चार लोगों को अरेस्ट किया गया है। दक्षिण कोरिया की सेना ने उनको गहरे सागर से गिरफ्तार किया। एक रिपोर्ट के मुताबिक उत्तर कोरिया के लोगों का दक्षिण कोरिया जाना कोई बड़ी खबर नहीं है, क्योंकि गरीबी और भुखमरी से वहां के लोग त्रस्त हैं। लेकिन समुद्र के रास्ते एक छोटी सी नाव के जरिये पलायन करने का ये विरला ही मामला है।
गरीबी और राजनीतिक उत्पीड़न से बचने के लिए 1990 के दशक के उत्तरार्ध में 30 हजार से अधिक उत्तर कोरियाई लोग भागकर दक्षिण कोरिया आ गए थे। उनमें से अधिकतर लोग चीन और दक्षिण पूर्वी एशियाई देशों से होते हुए दक्षिण कोरिया में दाखिल हुए। लेकिन इससे पहले ये कभी नहीं देखा गया कि लोग गहरे समुद्र में छोटी सी नाव में बैठकर दक्षिण कोरिया जाने की कोशिश कर रहे हों।
द हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक दक्षिण कोरिया और उत्तरी कोरिया की समुद्री सीमा के पास मंगलवार को लकड़ी की एक छोटी नाव में उत्तर कोरियाई क्षेत्र छोड़कर कर भागे चार लोग पकड़े गए। दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने बताया कि उत्तर कोरियाई लोगों द्वारा अपना क्षेत्र छोड़कर दक्षिण कोरियाई सीमा में प्रवेश करना दोनों देशों के बीच एक बड़ा मुद्दा रहा है। दक्षिण कोरिया केवल उन लोगों को अपने क्षेत्र में स्वीकार करता है जो उसके यहां पुनर्वास करना चाहते हैं। हालांकि, उत्तर कोरिया का आरोप है कि उसके लोगों को दक्षिण कोरिया में उनकी इच्छा के विरुद्ध रखा जाता है।
तटरक्षक बल के अधिकारियों ने बताया कि मछली पकड़ने वाली एक नाव की सूचना मिलने के बाद तटरक्षक बल के जहाज को वहां जाने पर लकड़ी की एक छोटी नाव मिली। नाव पर सवार चारों लोगों ने खुद को उत्तर कोरियाई बताया। दक्षिण कोरिया की सेना ने दोनों देशों की पूर्वी समुद्री सीमा पर उनकी नाव का पीछा किया तथा तटरक्षक बल के साथ मिलकर चारों लोगों को हिरासत में लिया।