Delhi-NCR Weather Update: दिल्ली-एनसीआर में दोपहर के तापमान में पिछले कुछ दिनों से बढ़ोतरी देखी जा रही थी। लोगों को अब इससे राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने बड़ा अपडेट दिया है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर का मौसम करवट बदल सकता है। यहां हल्के बादल छाए रहेंगे, इसके साथ ही हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के इस अपडेट के बाद दिल्ली-एनसीआर में ठंड बढ़ने की भी संभावनाएं बढ़ गई हैं। इसके साथ ही मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भी बारिश की संभावना जताई है। वहीं हिमाचल में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक बारिश के बाद तापमान के और नीचे जाने की संभावना है। दिल्ली में सोमवार को तापमान 23.1 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि, दोपहर में धूप बढ़ने के साथ-साथ तापमान में भी वृद्धि देखी गई है। मंगलवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली के कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। हालांकि, मौसम विभाग ने हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई है।
हिमाचल प्रदेश में भी बारिश के बाद मौसम करवट लेगा। यहां कई जिलों में बारिश की संभावना है। जिसके चलते प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा कर्नाटक और केरल में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। सिक्किम की अगर बात करें तो यहां मौसम अनुकूल होने के बाद तबाही के दौरान फंसे पर्यटकों को बाहर निकालने का काम किया जा रहा है।