आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह इस समय ED की कस्टडी में हैं। उन्होंने ED पर आरोप लगाया है कि वह उन्हें लोकल पुलिस स्टेशन लॉकअप में ट्रांसफर करने के लिए “काल्पनिक” आधार बना रही है। संजय सिंह ने आरोप लगाया कि लोकल थाने के लॉकअप में उन्हें CCTV की नजर से दूर यातना दी जा सकती है। दिल्ली एक्साइज पॉलिसी मामले में संजय सिंह को इस हफ्ते गिरफ्तार किया था। इसके बाद कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की ईडी कस्टडी में भेज दिया।
अपने वकीलों के जरिए संजय सिंह ने ED द्वारा “अजीब” वजहों के आधार पर 5 अक्टूबर को देर रात पुलिस लॉकअप में शिफ्ट करने की कथित कोशिश का आरोप लगाते हुए खुद को खतरे की आशंका व्यक्त की है।
5 अक्टूबर को हिरासत में पहली रात के बाद संजय सिंह से मुलाकात के बाद उनकी ओर से आवेदन दायर करने वाले वकील डॉ. फारुख खान, चंगेज खान और प्रकाश प्रियदर्शी ने कहा कि देर रात ED ने उन्हें वहां से शिफ्ट करने की कोशिश की। संजय सिंह की तरफ से कहा गया कि ED ने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित अपने मुख्यालय के परिसर से तुगलक रोड पुलिस स्टेशन में शिफ्ट करने की कोशिश की। इसके पीछे उस सेल में कीटनाशक के छिड़काव का हवाला दिया, जहां उन्हें रखा गया था।
संजय सिंह के वकीलों की तरफ से दी गई एप्लिकेशन में कहा गया है कि शिफ्टिंग के कारण के बारे में पूछे जाने पर बहुत ही अजीब जवाब दिए गए। उन्हें बताया कि शिफ्टिंग लॉकअप में कीटनाशकों के उपयोग की वजह से की जा रही है। एप्लिकेशन में यह भी कहा गया कि संजय सिंह को उचित आशंका थी कि यह उन्हें टॉर्चर करने के लिए “काल्पनिक” आधार पर शिफ्ट किया जा रहा था।
एप्लिकेशन में आगे कहा गया है कि यह भी समझ से परे है कि जांच एजेंसी के पास पूरे मुख्यालय में सिर्फ एक ही लॉकअप है। उन्होंने कहा कि दावे के अनुसार भले ही उक्त लॉकअप में कीटनाशक का उपयोग किया हो.. एजेंसी को उन्हें मुख्यालय में स्थित दूसरे लॉक अप / रिमांड रूम में शिफ्ट करना चाहिए। एप्लिकेशन के अनुसार, संजय सिंह ने शिफ्ट होने से इनकार कर दिया है। दावा किया गया है कि उन्हें “लॉकअप के बाहर सुलाया गया और उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया”।
संजय सिंह के वकीलों की तरफ से दी गई एप्लिकेशन में यह भी कहा गया है कि एजेंसी को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि सिंह से पूछताछ “सिर्फ भारत के माननीय सर्वोच्च न्यायालय द्वारा निर्धारित दिशानिर्देशों के अनुसार CCTV कवरेज वाले स्थान पर की जाए और उक्त सीसीटीवी फुटेज को भी संरक्षित किया जाएगा”। याचिका में संजय सिंह के वकीलों ने उन्हें कही और शिफ्ट ने किए जाने के निर्देश देने का निवेदन किया है।