दिल्ली शराब नीति घोटाला मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह की मुसीबतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। संजय सिंह को 10 अक्टूबर तक ईडी की हिरासत में भेज दिया गया है। अब ईडी ने इस मामले में संजय सिंह के करीबियों सर्वेश मिश्रा, विवेक त्यागी और कुंवरवीर सिंह को नोटिस भेजकर पूछताछ के लिए बुलाया है। सूत्रों का कहना है कि ईडी इन्हें संजय सिंह के सामने बैठाकर पूछताछ कर सकती है। विवेक त्यागी और सर्वेश मिश्रा दोनों ही आम आदमी पार्टी से जुड़े रहे हैं। इसके अलावा दोनों अरविंद केजरीवाल के भ्रष्टाचार विरोधी अभियान का हिस्सा भी रहे हैं।
सर्वेश मिश्रा मूल रूप से उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला है। उसे फरवरी 2022 में आप उत्तर प्रदेश का प्रवक्ता बनाया गया था। सर्वेश मिश्रा संजय सिंह के आंदोलन के समय से युवा सहयोगी रहा है। वह संजय सिंह का निजी सचिव भी है। इसके अलावा उसे अक्सर ही आम आदमी पार्टी की तरफ से टीवी डिबेट में हिस्सा लेते हुए देखा गया है। वह सोशल मीडिया पर काफी ज्यादा एक्टिव भी रहते हैं और संजय सिंह की सभी पोस्ट को शेयर भी करते हैं।
विवेक त्यागी को भी संजय सिंह का करीबी माना जाता है। वह आम आदमी पार्टी से जुड़ा है। संजय सिंह के पास आम आदमी पार्टी में उत्तर प्रदेश की कमान है। वहीं विवेक त्यागी हापुड़ा जिले का प्रभारी है। बताया जाता है कि अरविंद केजरीवाल के आंदोलन के समय से ही वह संजय सिंह के साथ जुड़े हैं।
बता दें कि इस मामले में दिनेश अरोड़ा का नाम सामने आया था। पहले ईडी ने इस मामले में दिनेश अरोड़ा को आरोपी बनाया था लेकिन बाद में वह सरकारी गवाह बन गया। चार्जशीट के मुताबिक संजय सिंह के कहने पर दिनेश अरोड़ा ने दिल्ली में आगामी चुनावों के लिए पार्टी फंड इकट्ठा करने के लिए कई रेस्तरां मालिकों से बात की। संजय सिंह पर 2 करोड़ रुपये लेने का आरोप लगा है।