भारत सरकार पिछले कुछ दिनों से खालिस्तानी आतंकवादियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही कर रही है। इस बीच कुख्यात खालिस्तानी आतंकी संगठन बब्बर खालसा के आतंकवादी करणवीर सिंह के खिलाफ इंटरपोल ने रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया है। बब्बर खालसा के आतंकी करणवीर सिंह के खिलाफ भारत में कई मामले दर्ज हैं। वर्तमान में करणवीर सिंह पाकिस्तान में रह रहा है लेकिन वह लगातार भारत के खिलाफ साजिशें रच रहा है।
खालिस्तानी आतंकवादी करणवीर सिंह पंजाब के कपूरथला का रहने वाला है, लेकिन अभी वह पाकिस्तान में रह रहा है। बब्बर खालसा का संचालन करने वाले आतंकी वाधवा सिंह और हरविंदर सिंह रिंदा का राइट हैंड करणवीर सिंह है। तीनों आतंकवादी अभी पाकिस्तान में रह रहे हैं और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई के साथ मिलकर भारत के खिलाफ साजिशें रच रहे हैं।
आतंकी करणवीर सिंह के खिलाफ भारत में कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। करणवीर सिंह के खिलाफ भारत में हत्या, टेरर फंडिंग, आतंकी साजिश रचने और आर्म्स एक्ट के संगीन मामले दर्ज हैं।
बब्बर खालसा एक आतंकी संगठन है, जो खालिस्तान का समर्थन करता है और अलग सिख देश की मांग करता है। केवल भारत ने ही नहीं बल्कि ब्रिटिश सरकार ने भी इस आतंकी संगठन को बैन कर रखा है। इस संगठन ने पंजाब में विद्रोह फैलाने में अहम भूमिका निभाई है। इसकी स्थापना 1978 में हुई थी। यह संगठन 1980 के दशक में अधिक सक्रिय हो गया था और कई लोगों की जान भी गई।
हालांकि बाद में 90 के दशक में बब्बर खालसा के आतंकवादियों के खिलाफ कार्यवाही शुरू हुई, तो इसका प्रभाव काफी कम हो गया। बब्बर खालसा केवल भारत में ही नहीं बल्कि कनाडा, जर्मनी और यूके में भी आतंकी संगठन के नाम से ही जाना जाता है।
बता दें कि हरदीप सिंह की हत्या के बाद कनाडा में रह रहे खालिस्तानियों ने वहां की सरकार पर दबाव बनाया और इसके बाद प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो ने संसद में बयान दे दिया कि भारतीय एजेंसी का इनमें हाथ हो सकता है। इसके बाद भारत ने कनाडा को जवाब देते हुए कहा था कि कनाडा आतंकियों के लिए स्वर्ग बनता जा रहा है।