Women Reservation Bill: महिला आरक्षण बिल को लेकर लोकसभा में बहस जारी है। कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल के बाद कांग्रेस संसदीय दल की नेता सोनिया गांधी ने लोकसभा में बोलना शुरू किया। सोनिया गांधी ने अपने भाषण में कहा, ‘मैं बिल के समर्थन में खड़ी हूं। यह मेरी जिंदगी का मार्मिक पल है। पहली बार निकाय चुनाव में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने वाला बिल मेरे जीवनसाथी राजीव गांधी ही लाए थे। आज उसी का नतीजा है कि देशभर के स्थानीय निकायों के जरिए हमारे पास 15 लाख चुनी हुईं महिला नेता हैं। राजीव गांधी का सपना अभी आधा ही पूरा हुआ है, इस बिल के पास होने के साथ ही वह पूरा होगा।’
सोनिया गांधी ने आगे कहा, ‘कांग्रेस पार्टी इस बिल का समर्थन करती है। हमें इस बिल के पास होने की खुशी हैं, लेकिन एक चिंता भी है। मैं सवाल पूछना चाहती हूं कि पिछले 13 साल से महिलाएं राजनीतिक जिम्मेदारी का इंतजार कर रही हैं। अभी उनसे और इंतजार करने के लिए कहा जा रहा है। 2 साल, 4 साल, 6 साल कितने साल का ये इंतजार होगा। हमारी मांग है कि ये बिल तुरंत पास किया जाए, लेकिन जातिगत जनगणना कराकर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण की व्यवस्था की जाए। सरकार को इसे पूरा करने के लिए जो कदम उठाने की जरूरत है, उसे उठाने चाहिए। इस बिल में देरी करना महिलाओं के लिए अन्याय होगा।’
इससे पहले संसद की कार्यवाही शुरू हुई। कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल लोकसभा में महिला आरक्षण बिल के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा, यह संविधान संसोधन बिल है। उन्होंने बताया कि नए बिल के कानून बनने पर लोकसभा में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित रहेंगी। दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के लिए 33% सीटें आरक्षित रहेंगी। राज्य विधानसभा में महिलाओं के 33% सीटें आरक्षित होंगी। यह आरक्षण 15 सालों के लिए लागू रहेगा। 15 साल बाद इसे बढ़ाना है यह संसद तय करेगी।
इससे पहले आप सांसद संजय सिंह ने कहा, देखिए ये निश्चित रूप से महिला आऱक्षण बिल नहीं है। यह महिला बेवकूफ बनाओ बिल है। जब से पीएम मोदी सत्ता में आए हैं, इन्होंने एक भी वादा पूरा नहीं किया। यह एक और जुमला लेकर आए हैं। इसमें ये बिल 15 साल में पास होगा, 20 साल में पास होगा, या नहीं होगा, कुछ पता नहीं। अगर आप महिला आरक्षण बिल लागू करना चाहते हैं तो आप करिए आप इसके समर्थन में है, लेकिन इसें 2024 में लागू कीजिए। आप कह रहे हैं कि 2035 में लागू करेंगे 2040 में लागू करेंगे।
बता दें, आज नई संसद में कार्यवाही का दूसरा दिन है। लोकसभा में आज महिला आरक्षण बिल पर चर्चा हो रही है। मेघवाल ने मंगलवार को महिला आरक्षण बिल (नारी शक्ति वंदन अधिनियम) पेश किया था। इस पर चर्चा के लिए सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक 7 घंटे का समय तय किया गया है।