एयर इंडिया की एक उड़ान को अमेरिकी राज्य अलास्का के एक शहर की ओर डायवर्ट कर दिया गया। बेंगलुरु से अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को जा रहे एअर इंडिया के विमान को तकनीकी गड़बड़ी के कारण अमेरिकी राज्य अलास्का के एक शहर की ओर मोड़ दिया गया। विमान में 280 से अधिक यात्री सवार थे। विमानन कंपनी के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि गड़बड़ी को दूर किए जाने के बाद उड़ान संख्या AI 175 डेस्टिनेशन की ओर रवाना हुई। इसके बाद ये विमान विमान सोमवार को भारतीय समयानुसार सुबह करीब 10 बजे सैन फ्रांसिस्को पहुंचा। अधिकारी के मुताबिक विमान में 280 से अधिक लोग सवार थे और बाद में विमान तय समय से करीब चार घंटे की देरी से अपने डेस्टिनेशन पर पहुंचा।
एअर इंडिया के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि विमान को तकनीकी कारणों की वजह से अलास्का की ओर मोड़ा गया था। प्रवक्ता ने कहा, ”सभी यात्री बिल्कुल ठीक थे और विमान उसके बाद अपने गंतव्य स्थान सैन फ्रांसिस्को के लिए रवाना हो गया, जहां वह सुरक्षित रूप से उतर गया। एअर इंडिया विलंब की वजह से हुई असुविधा के लिए खेद प्रकट करती है।’’ बता दें कि आम तौर पर बेंगलुरु से सैन फ्रांसिस्को तक उड़ान की अवधि करीब 16 घंटे होती है।
देश की राजधानी दिल्ली में 9 और 10 सितंबर को G20 शिखर सम्मेलन का आयोजन हुआ। कनाडा भी इसका सदस्य देश है। इसमें हिस्सा लेने के लिए कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो भारत आए थे। 10 सितंबर यानी रविवार को उनको कनाडा वापस लौटना था, लेकिन उनके विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इस कारण उनका विमान उड़ान नहीं भर पाया। विमान को खराब हुए 24 घंटे बीत चुके हैं लेकिन अभी तक यह ठीक नहीं हो पाया है। इसी कारण जस्टिन ट्रुडो और उनके साथ आया डेलिगेशन अभी भी भारत में ही रुका हुआ है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार अभी तक विमान को ठीक नहीं किया जा सका है। इसी कारण कनाडा से दूसरा विमान भारत आ रहा है। कनाडा का विमान जब भारत पहुंचेगा, उसके कुछ देर बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रुडो वापस कनाडा रवाना होंगे।