पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय 13 दिसंबर को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। विष्णुदेव साय को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है और वह छत्तीसगढ़ के अगले मुख्यमंत्री होंगे। विष्णुदेव साय के साथ दो उप मुख्यमंत्री भी शपथ लेंगे। वर्तमान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव और विजय शर्मा उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन विष्णुदेव साय को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलवाएंगे। हालांकि कितने मंत्री शपथ लेंगे, इसको लेकर अभी तस्वीर साफ़ नहीं है। शपथ ग्रहण समारोह काफी भव्य होने की उम्मीद है। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समेत बीजेपी के कई बड़े नेता इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।