दिल्ली में खतरनाक वायु प्रदूषण के चलते बंद चल रहे स्कूल और कॉलेज आज से फिर खुलेंगे। छात्रों के स्वास्थ्य को देखते हुए स्कूलों में विशेष व्यवस्था की गई है। खराब AQI के चलते सरकार ने 9 से 18 नवंबर तक अवकाश की घोषणा की थी। अब वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद दिल्ली सरकार ने आज से खोलने का फैसला किया था।
आज से दिल्ली के सरकारी, प्राइवेट और सरकारी सहायता प्राप्त सभी स्कूल खुलेंगे। इसमें नर्सरी से लेकर 12वीं कक्षा तक की सभी कक्षाएं फिजिकल मोड में संचालित की जाएंगी। हालांकि, कुछ निजी स्कूलों ने नर्सरी से पांचवीं तक की कक्षाओं को बंद करने का फैसला लिया है। निजी स्कूलों का कहना है कि प्रदूषण अभी भी खराब श्रेणी में है, ऐसे में छोटे बच्चों की सेहत का ध्यान रखा जा रहा है। शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में परिपत्र जारी कर बताया है कि एक हफ्ते तक सुबह होने वाली प्रार्थना व स्कूलों में आउटडोर गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा।
खेल और प्रार्थना सभाओं जैसी बाहरी गतिविधियों को निलंबित करना, छात्रों को मास्क पहनने के लिए कहना और उन्हें शहर के वायु प्रदूषण से खुद को बचाने के तरीकों के बारे में शिक्षित करना ऐसे कुछ कदम हैं जिन्हें दिल्ली के स्कूल सोमवार से उठाने की योजना बना रहे हैं। स्कूलों में छात्र 9 से 18 नवंबर 2023 के शीतकालीन अवकाश के बाद वापस लौट रहे हैं। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने अभिभावकों और बच्चों से स्कूल आने जाने के दौरान प्रदूषण से बचने के उपायों का ख्याल रखने को कहा।