Diwali 2023: देश-विदेश में दिवाली का त्योहार आज धूमधाम से मनाया जा रहा है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री समेत कई नेताओं ने इस शुभअवसर पर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, ‘देश के अपने सभी परिवारजनों को दीपावली की ढेरों शुभकामनाएं। ये खास त्योहार आपके जीवन में खुशियां, समृद्धि और अच्छा स्वास्थ्य लाए।”
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दिवाली के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने लिखा, ‘दीपावली के शुभअवसर पर मैं सभी देशवासियों और विदेश में रह रहे भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। हर्ष और उल्लास का महापर्व दीपावली अंधकार में प्रकाश, बुराई पर अच्छाई और अन्याय पर न्याय की जीत का उत्सव मनाने का पर्व है। विभिन्न धर्मों और अनुयायियों द्वारा मनाया जाने वाला यह त्योहार प्रेम, भाईचारा और मैत्री का संदेश देता है। यह पर्व हमारी सद्प्रवत्तियों, प्रेम,करुणा और शुभ-लाभ का प्रतीक है तथा हमारे अन्त: करण को आलोकित करते है। यह पर्व हमें मानवता की भलाई के लिए प्रेरित करता है।’
Reached Lepcha in Himachal Pradesh to celebrate Diwali with our brave security forces. pic.twitter.com/7vcFlq2izL
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में आगे लिखा, ‘दीपावली पर जिस तरह एक दीपक अनेक दीपों को प्रज्ज्वलित कर सकता है, उसी तरह हम समाज के गरीब, बेसहारा और जरूरतमंद लोगों के साथ खुशियां बांटकर उनके जीवन में सुख और समृद्धि का उजाला फैला सकते हैं। आइए, हम सब मिलकर प्रकाश के उत्सव को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से मनाएं और पर्यावरण संरक्षण में योदगान करते हुए राष्ट्र निर्माण का संकल्प लें।’
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी दीपावली की बधाई दी है। सीएम ने लिखा, “असत्य पर सत्य, अत्याचार पर सदाचार, अंधकार पर प्रकाश की विजय के महापर्व दीपावली की प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।” योगी आदित्यनाथ ने लिखा, “प्रभु श्री राम और माता जानकी की कृपा से यह पावन पर्व आप सभी के जीवन को सुख, समृद्धि, सौभाग्य एवं आरोग्यता के धवल प्रकाश से दीप्त करे। जय श्री राम।”
वहीं हर साल की तरह इस साल भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारतीय सीमा पर सैनिकों के साथ दीवाली मनाएंगे। पीएम मोदी सेना के जवानों के साथ दिवाली मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के लेप्चा पहुंच चुके हैं।
क्षेत्र में प्रधानमंत्री के दौरे को केंद्र कर सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। मुखबिरों की इनपुट के मुताबिक जमीन से लेकर आसमान तक पैनी नजर रखी जा रही है। इसमें भारतीय वायुसेना के जवानों की भी तैनाती की गई है। 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद पीएम मोदी हर साल सैनिकों के साथ ही दिवाली मनाते रहे हैं।