अरब सागर में उठा चक्रवात ‘तेज’ अब बेहद भीषण चक्रवाती तूफान में बदल गया है। यह तूफान यमन और ओमान के तट की ओर बढ़ रहा है। वहीं बंगाल की खाड़ी में भी चक्रवाती तूफान की स्थितियां बन रही है। अरब सागर में आए तूफान के कारण ओडिशा और पश्चिम बंगाल के कई इलाकों में बारिश हो रही है।
भारतीय मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम – मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर दबाव सोमवार सुबह तक और अधिक हो जाएगा। इसके बाद अगले तीन दिन में बांग्लादेश और पश्चिम बंगाल के तट की ओर बढ़ेगा। मौसम विभाग ने कहा कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना दबाव 24 अक्टूबर तक चक्रवाती तूफान में बदल सकता है। ओडिशा के पारादीप के दक्षिण में करीब 610 किलोमीटर की दूरी पर कम दबाव का डिप्रेशन बना है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों में चक्रवात तेज के गहरे दबाव में बदलने की संभावना है। हालांकि IMD ने राहत भरी खबर ये दी है कि इस चक्रवात का गुजरात पर कोई असर नहीं पड़ेगा। बता दें कि जून में अरब सागर से उठे बिपरजॉय तूफान ने गुजरात में कच्छ तथा सौराष्ट्र के कई क्षेत्रों में भयंकर तबाही मचाई थी।
हिंद महासागर क्षेत्र में चक्रवातों के नामकरण के लिए अपनाये जा रहे फार्मूले के अनुसार इस चक्रवात को ‘तेज’ कहा जाता है। आशंका है कि रविवार को यह भयंकर चक्रवाती तूफान में बदल सकता है और ओमान के दक्षिणी तटों और निकटवर्ती यमन की ओर बढ़ सकता है। हालांकि कभी-कभी चक्रवात अपना रास्ता बदल भी लेते हैं।
भारतीय मौसम विभाग ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में एक साथ उठे तूफान को लेकर अलर्ट जारी किया है। तूफान की गति को देखते हुए समुद्रतटीय इलाकों में अलर्ट जारी किया गया है। ‘बिपरजॉय’ साइक्लोन जून में अरब सागर से उठा था। शुरू में यह नॉर्थ-वेस्ट दिशा में बढ़ने के बाद गुजरात में मांडवी और पाकिस्तान में कराची की तरफ से गुजरा था। गुजरात के रिलीफ कमिश्नर आलोक कुमार पांडे ने कहा कि फिलहाल तेज से कोई खतरा नहीं है।