अमेरिका के बाल्टीमोर में मंगलवार को मॉर्गन स्टेट यूनिवर्सिटी में उस वक्त हड़कंप मच गया जब परिसर में गोलीबारी होने लगी। इस हमले में 5 लोग घायल हो गए। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। हालात को देखते हुए अधिकारियों ने छात्रों से घर के अंदर रहने का आग्रह किया। गोली चलने की आवाज सुनकर छात्र घबरा गए। चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि इस हमले में किसी की जान नहीं गई है। फिलहाल घायलों का अस्पताल में इलाज हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, इस ऐतिहासिक कॉलेज की स्थापना अश्वेत छात्रों को शिक्षित करने के लिए की गई थी। बाल्टीमोर पुलिस विभाग ने बताया कि परिसर में हमलावर के मौजूद होने की जानकारी मिली थी। इस कारण अधिकारी रात साढ़े नौ बजे घटनास्थल पर मौजूद थे।
पुलिस ने कॉलेज परिसर को घंटों तक बंद रखा। पुलिस ने अपनी जांच के बारे में बहुत कम जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर रिचर्ड वोर्ले ने देर रात हुई प्रेस वार्ता में मीडिया को बताया कि इस घटना में 18 से 22 साल के पांच लोग घायल हुए हैं जिसमें से चार पुरुष और एक महिला है। घायलों को जानलेवा चोटें नहीं आई हैं। मॉर्गन स्टेट पुलिस प्रमुख लैंस हैचर ने बताया कि घायलों में से चार विश्वविद्यालय के छात्र हैं।
इस घटना को लेकर कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस ने संदिग्धों को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है। अधिकारियों ने गोलीबारी शुरू होते ही लोगों से घर में रहने और इस इलाके में नहीं आने के लिए कहा था। पुलिस ने बताया कि बाद में रात साढ़े 12 बजे घर में रहने के आदेश को हटा लिया गया।
सिटी काउंसिल के सदस्य रयान डोर्सी ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ‘‘ऐसा माना जा रहा है कि तीन हमलावरों ने भीड़ पर गोलीबारी की।” हालांकि वोर्ले ने हमलावरों की संख्या को लेकर पूछे गए सवाल पर कोई जवाब नहीं दिया।