मध्य प्रदेश में चुनावी माहौल गर्म है। बीजेपी और कांग्रेस राज्य में जमकर चुनाव प्रचार कर रहे हैं। शनिवार को कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने राज्य के शाजापुर में रैली को संबोधित किया। उन्होंने जनसभा में कहा कि मध्य प्रदेश देश में भ्रष्टाचार का केंद्र है। राज्य में BJP के 18 वर्ष के शासन में 18,000 किसानों ने आत्महत्या की है। राहुल गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस पार्टी सत्ता में आती है तो ओबीसी लोगों की संख्या का पता लगाने के लिए देश में जातिगत जनगणना की जाएगी।
बीजेपी पर नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस पार्टी और गांधीजी हैं और दूसरी तरफ बीजेपी, आरएसएस और गोडसे। एक तरफ घृणा और हिंसा है और दूसरी तरफ प्यार, सम्मान और भाईचारा है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि जहां भी बीजेपी के लोग जाते हैं, वो घृणा फैलाते हैं लेकिन अब एमपी के युवाओं और किसानों ने उन्हें पसंद करना बंद कर दिया है। मध्य प्रदेश देश में भ्रष्टाचार का केंद्र बन गया है।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि मध्य प्रदेश सरकार किसानों को उनकी फसल का सही दाम नहीं दे रही है। छत्तीसगढ़ के किसानों से जाकर पूछिए कि उन्हें धान की फसल का कितना पैसा मिलता है। हमने जो वादा किया, उसे पूरा किया। भारत के इतिहास में पहली बार किसान टैक्स दे रहे हैं। उन्होंने जीएसटी लागू किया। हमारी सरकार गरीबों और किसानों के लिए काम करती है।