मध्य प्रदेश में बीजेपी औऱ कांग्रेस लगातार एक-दूसरे पर हमला कर रहे हैं। इस बीच कांग्रेस ने बीजेपी के प्रत्याशियों की तीन लिस्ट्स का जिक्र करते हुए सवाल कहा कि किसी को नहीं पता कि सीएम शिवराज सिंह चौहान को इस बार बीजेपी मध्य प्रदेश चुनाव के लिए टिकट देगी भी या नहीं। सत्तारूढ़ BJP द्वारा अब तक जारी उम्मीदवारों की तीन सूचियों में शिवराज सिंह चौहान का नाम शामिल नहीं है।
कांग्रेस प्रवक्ता रागिनी नायक ने पूछा कि जब उनकी अपनी ही पार्टी को उन पर भरोसा नहीं है तो राज्य की जनता उन पर कैसे भरोसा करेगी? उन्होंने पत्रकार वार्ता में कहा, “BJP की सूचियां सामने आ रही हैं, लेकिन इनमें उनके कट्टर प्रतिद्वंद्वियों के नाम हैं। चौहान का नाम अब तक सूची में नहीं आया है। लोग बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। किसी को नहीं पता कि उनका नाम सूची में आएगा या नहीं।”
आपको बता दें कि BJP ने अब तक 79 उम्मीदवारों की घोषणा की है, जिनमें केंद्रीय मंत्री नरेंद्र तोमर, प्रहलाद पटेल और पार्टी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय शामिल हैं। इन तीनों नेताओं को मुख्यमंत्री पद के संभावित दावेदारों के तौर पर देखा जा रहा है। रागिनी नायक ने यह भी दावा किया कि BJP के केंद्रीय नेता चुनाव से पहले “चौहान का नाम” भी नहीं ले रहे हैं।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक लड़की के साथ बलात्कार की घटना को लेकर गुरुवार को राज्य की BJP सरकार पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि BJP के 20 साल के कुशासन में बच्चियां, महिलाएं, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं है।
उज्जैन शहर में लगभग 12 वर्षीय एक लड़की सोमवार को सड़क पर खून से लथपथ हालत में पाई गई और चिकित्सा जांच में उसके साथ बलात्कार किए जाने की पुष्टि हुई है। प्रियंका गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ हुई बर्बरता आत्मा को झकझोर देने वाली है। अत्याचार के बाद वह ढाई घंटे तक दर-दर मदद के लिए भटकती रही और फिर बेहोश होकर सड़क पर गिर गई लेकिन मदद नहीं मिल सकी।”
उन्होंने आरोप लगाया, “ये है मध्य प्रदेश की कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा? भाजपा के 20 साल के कुशासन तंत्र में बच्चियां, महिलाएं, आदिवासी, दलित कोई सुरक्षित नहीं है।” प्रियंका गांधी ने प्रश्न किया, “लाडली बहना के नाम पर चुनावी घोषणाएं करने का क्या फ़ायदा है अगर बच्चियों को सुरक्षा और मदद तक नहीं मिल सकती?” (भाषा)