प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में शनिवार को क्रिकेट प्रेमियों का बड़ा उपहार मिलने वाला है। शहर में विश्व स्तरीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कराया जा रहा है। इसकी आधारशिला पीएम मोदी स्वयं रखेंगे। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहेंगे। इस खास कार्यक्रम में क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों सचिन तेंदुलकर, सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, दिलीप वेंगसरकर समेत कई अन्य लोग भी आमंत्रित किये गये हैं। 30 एकड़ से अधिक क्षेत्र में 451 करोड़ रुपये में बनने जा रहे इस विशाल क्रिकेट स्टेडियम की क्षमता करीब 30 हजार दर्शकों की होगी।
वाराणसी के राजातालाब में रिंग रोड के पास गांजरी क्षेत्र में बनने जा रहे इस स्टेडियम का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरी होने की संभावना है। इसकी विषयगत वास्तुकला भगवान शिव से प्रेरित है, जिसमें अर्द्धचंद्राकार छत कवर और त्रिशूल के आकार की फ्लड-लाइट होगी। इसमें घाट की तरह बैठने वाली व्यवस्था को आकार दिया जाएगा।
वाराणसी मंडल के आयुक्त कौशल राज शर्मा ने बताया, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी शनिवार दोपहर लगभग डेढ़ बजे वाराणसी में राजातालाब के गांजरी में बनने वाले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की आधारशिला रखेंगे।’’ सूचना विभाग के एक अधिकारी के अनुसार इसके बाद मोदी महिला आरक्षण से संबंधित ‘नारी शक्ति वंदन विधेयक’ के पारित होने के उपलक्ष्य में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मैदान में महिलाओं की एक रैली को संबोधित करेंगे।
पीएम मोदी रुद्राक्ष अंतरराष्ट्रीय कोऑपरेशन और कन्वेंशन सेंटर भी जाएंगे और काशी संसद सांस्कृतिक महोत्सव 2023 के समापन समारोह में भाग लेंगे। वह 16 नवनिर्मित अटल आवासीय विद्यालयों का उद्घाटन भी करेंगे। प्रधानमंत्री के दोपहर डेढ़ बजे हवाई मार्ग से वाराणसी पहुंचने की उम्मीद है और वह अपने निर्वाचन क्षेत्र में लगभग सात घंटे बिताएंगे।