देश में वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार फुल स्पीड से हो रहा है, पिछले कुछ सालों में कई रूट्स पर वंदे भारत शुरू की जा चुकी है। अब इसी कड़ी में मोदी सरकार वंदे भारत स्लीपर और वंदे भारत भारत मेट्रो लाने की तैयारी कर रही है। एक तरफ वंदे भारत स्लीपर लंबी यात्रा के लिए रहने वाली है तो वहीं दूसरी तरफ वंदे भारत मेट्रो से छोटे रूट्स को कवर किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि वंदे भारत मेट्रो को तो अगले साल जनवरी में ही शुरू कर दिया जाएगा, वहीं वंदे भारत स्लीपर को अगले साल मार्च में शुरू करने की तैयारी है। अभी इस समय जो काम राजधानी ट्रेन करती है, उसी तर्ज पर वंदे भारत स्लीपर भी चलने वाली है। लंबे रूट्स पर ज्यादा आरामदायक सफर के लिहाज से इसे लॉन्च किया जा रहा है। बड़ी बात ये है कि ये वाली स्लीपर ट्रेन 220 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ पाएगी, ये अलग बात है कि ट्रैक्स पर इसे अभी 200 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर चलाया जाएगा। ऐसे में कई लंबे रूट्स पर यात्रियों का काफी समय बचने वाला है।
ये भी जानकारी मिली है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में शताब्दी जैसी चेयर्स रहने वाली हैं। इसके अलावा दिल्ली-मुंबई, दिल्ली-कोलकाता वाले लंबे रूट्स पर इसे चलाया जाएगा। अभी इस समय सरकार ने 400 ट्रेन्स का एक टेंडर दे दिया है, यहां भी 200 ट्रेनों के कोच स्टील के रहने वाले है तो वहीं बाकी ट्रेनों में एल्युमिनियम के बनाए जाएंगे।
वहीं वंदे भारत मेट्रो की बात करें तो उसमें कुल 12 कोच रहने वाले हैं। अभी ये साफ नहीं है कि वंदे भारत मेट्रो को कौन से रूट्स पर चलाया जाएगा। ट्रेन किराए को लेकर भी अभी जानकारी सामने नहीं आई है।