दिसंबर का महीना तेजी से गुजर रहा है और देश की राजधानी दिल्ली में सर्दी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि दिल्ली की ठंडक पहाड़ों में जारी शीतलहर के रहते और ज्यादा बढ़ सकती है। दिल्ली का न्यूनतम तापमान 7 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया था, जिसे शिमला के बराबर तक कहा जा रहा है। फिलहाल मौसम विभाग ने जानकारी साझा की है कि दिल्ली में और ठंडक बढ़ सकती है। दिल्ली के पड़ोसी राज्यों, यूपी, हरियाणा, राजस्थान में भी ठंड का असर बढ़ रहा है। राजस्थान के माउंट आबू में मंगलवार को लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान जीरो से एक डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया। जानकारी के मुताबिक माउंट आबू में घास, फूल, पत्तियों और गाड़ियों के विंडशील्ड पर बर्फ की परतें नजर आईं।
राजस्थान के दूसरे कुछ इलाकों में मौसम के हाल पर बात की जाए तो तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आयी है। सीकर के फतेहपुर में मंगलवार सुबह तापमान 1.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चुरू में 4.8 डिग्री सेल्सियस, सीकर में 5.5 डिग्री सेल्सियस, पिलानी और भीलवाड़ा में 6.4 डिग्री सेल्सियस, वनस्थली में 7.7 डिग्री सेल्सियस, डबोक (उदयपुर) में 7.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। जयपुर मौसम केंद्र के मुताबिक इस दौरान बारां के अंता में 8.2 डिग्री सेल्सियस, चित्तौड़गढ़ में 8.4 डिग्री सेल्सियस, अलवर में 9.2 डिग्री सेल्सियस और राजधानी जयपुर में 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में सोमवार सुबह लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किए जाने से दिल्ली और एनसीआर के कुछ हिस्सों में शीत लहर चल रही है। दिल्ली में तापमान लगातार गिर रहा है और सर्दी का आसर बढ़ रहा है। IMD ने दिल्ली के सफदरजंग इलाके में न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री दर्ज किया है जो साल के इस समय के लिए सामान्य से 1 डिग्री कम है। इस सप्ताह न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से 8 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है, शुक्रवार 22 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहने का अनुमान है।