Weather Forecast Today, 19 December 2023: देश के दक्षिण राज्यों में बारिश का दौर जारी है। वहीं दूसरी ओर पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से मैदानी इलाकों में ठंड लगातार बढ़ती जा रही है। दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान इस मौसम के औसत तापमान से एक डिग्री नीचे 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ श्रेणी में रही। वहीं उत्तर कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से आठ डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम का पूर्वानुमान लगाने वाली एजेंसी, स्काईमेट के मुताबिक, दक्षिणी तमिलनाडु, दक्षिणी केरल और लक्षद्वीप में आज भारी से बहुत भारी बारिश संभव है. उत्तरी तमिलनाडु, उत्तरी केरल और अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश संभव है। आंध्र प्रदेश के दक्षिणी तट और दक्षिणी कर्नाटक में हल्की बारिश संभव है। उत्तर पश्चिम भारत और मध्य भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आएगी। तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावनाओं को देखते हुए मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार 18 दिसंबर को दक्षिण तमिलनाडु में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।
वहीं उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में सर्दी का सितम जारी रहेगा। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कई राज्यों में न्यूनतम औसत तापमान ने 5 से 10 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दिनों में सर्द हवाएं चलने के आसार नजर आ रहे हैं।
उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। मौसम शुष्क है, लेकिन पाला और कोहरा परेशानियां बढ़ा रहा है। देहरादून समेत ज्यादातर शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस तक नीचे पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को पहाड़ों में पाला और मैदानी क्षेत्रों में कोहरा छाया रह सकता है। इसे लेकर चेतावनी जारी की गई है। पर्वतीय क्षेत्रों में अत्यधिक पाला पड़ने को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।