दिसंबर के महीने में ठंड ने पूरे देश में अपनी दस्तक दे दी है। जम्मू-कश्मीर में जब से भारी बर्फबारी का दौर शुरू हुआ है, उसका असर मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। राजधानी दिल्ली में लोग ठिठुरने को मजबूर हैं, राजस्थान के माउंट आबू में तो तापमान शून्य से भी नीचे चला गया है और कुछ जगहों पर बारिश के आसान भी जता दिए गए हैं। यानी कि आने वाले दिनों में ठंड से राहत नहीं बल्कि ये प्रकोप और ज्यादा बढ़ने वाला है।
जम्मू-कश्मीर की बात करें तो इस समय वहां पर भारी बर्फबारी हो रही है। पर्यटक तो लगातार घाटी पहुंच रहे हैं, लेकिन अब उन्हें कई तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार हो रही बर्फबारी की वजह से रास्तें बंद बताए जा रहे हैं. कोंगडोरी इलाके में तो तापमान -4 डिग्री तक पहुंच चुका है। राजस्थान के पर्यटन स्थल माउंट आबू में तो ठंड ने अलग ही रूप ले रखा है। वहां पर तापमान इस समय -1 डिग्री चल रहा है। वहां पर अचानक से मौसम ने करवट बदली है और तीन डिग्री तक टेंपरेचर गिर गया है।
पूरे राजस्थान की बात करें तो अभी तक शीत लहर शुरू नहीं हुई हैं। दिन में धूप भी मिल रही है, इस वजह से तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस चल रहा है। झारखंड में भी लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है। कई जिलों में पारा 10 डिग्री से नीचे जा चुका है। वहां भी राजधानी रांची के पास कांके में तो चार डिग्री तक टेंपरेचर दर्ज किया गया है। झारखंड में पड़ रही इस ज्यादा ठंड का कारण उत्तरी-पश्चिमी हवाओं का चलना है।
दिल्ली की बात करें तो यहां ठंड अभी उतनी ज्यादा भी नहीं है, लेकिन कोहरे ने अपनी दस्तक दे दी है। कई इलाकों में विजिबिलिटी कम चल रही है। बड़ी बात ये है कि इस हफ्ते राजधानी में बारिश के आसार भी बता दिए गए हैं, यानी कि ठंड बढ़ सकती है। अभी इस समय दिल्ली में अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा 24.7 डिग्री चल रहा है।