इंडिया गठबंधन की अगली बैठक से ठीक पहले आप संयोजक अरविंद केजरीवाल के एक ऐलान ने विपक्षी दलों की टेंशन बढ़ा दी है। बठिंडा में एक रैली के दौरान अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कर दी है। उन्होंने अपील जरूर पंजाब की जनता से की है, लेकिन सीधा संदेश कांग्रेस और इंडिया गठबंधन को दिया गया है। माना जा रहा है कि इस वजह से एक बार फिर कांग्रेस और आप के बीच में तकरार बढ़ सकती है।
जानकारी के लिए बता दें कि पंजबा से लोकसभा की 13 सीटें निकलती हैं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच में इस राज्य में सीधी टक्कर रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने ही इस राज्य में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करते हुए प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाई थी। अब इसी दम पर पार्टी सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ना चाहती है जो कांग्रेस को स्वीकार नहीं। बड़ी बात ये है कि इंडिया गठबंधन की अगली बैठक दिल्ली में 19 दिसंबर को होने जा रही है, ऐसे में उससे ठीक पहले केजरीवाल ने ये पेंच फंसा दिया है।
वैसे आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने तो पंजाब की धरती से एक बार फिर कांग्रेस पर भी निशाना साधा है। भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए उन्होंने दो टूक कह दिया है कि इन लोगों ने इतना करप्शन किया कि 10 की चीजें 100 में बेचीं। लेकिन आज 10 रुपये की चीज 8 में मिलती है। बिजली का बिल शून्य हो चुका है। अब ये कोई पहली बार नहीं है जब अरविंद केजरीवाल ने पंजाब में कांग्रेस पर निशाना साधा हो, इससे पहले भी ऐसे आरोप-प्रत्यारोप लग चुके हैं।
अब पंजाब में तो आम आदमी पार्टी के ऐलान ने कांग्रेस की टेंशन बढ़ाई ही है, दिल्ली में भी पार्टी, कांग्रेस को ज्यादा सीटें देने को तैयार नहीं है। वहां तो कांग्रेल भी सातों सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा कर चुकी है। ऐसे में दोनों दिल्ली और पंजाब में चल रही तकरार इंडिया गठबंधन की मुश्किलें बढ़ा रही है।