Weather Forecast Today, 15 December 2023: दिल्ली के सफदरजंग में आज न्यूनतम तापमान 4.9°C दर्ज़ किया गया है। यह इस सीजन में दिल्ली का सबसे न्यूनतम तापमान है।आज सुबह दिल्ली के कई इलाकों कोहरा छाया रहा। IMD के मुताबिक, पंजाब के अलग-अलग हिस्सों में बहुत घना कोहरा देखा गया और उत्तर प्रदेश, बिहार, असम, मेघालय और त्रिपुरा के अलग-अलग हिस्सों में भी कोहरा छाया रहा।
दिल्ली में शुक्रवार को मौसम की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जब पारा 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया। शहर के अन्य क्षेत्रों जैसे लोधी रोड और आयानगर में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस और 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में विजिबिलिटी गिरकर 500 मीटर से भी कम हो गई।
गुरुवार को आईएमडी ने कहा था कि पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में कोहरा छाया रहा। इस हफ्ते के दौरान इन सभी क्षेत्रों में तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, अगले सप्ताह के दौरान देश के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की उम्मीद है। इस बीच, हरियाणा का हिसार भारत के मैदानी इलाकों में सबसे ठंडा स्थान रहा जहां न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
मौसम विभाग की जानकारी के मुताबिक, 16 और 17 दिसंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख,गिलगित बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में हल्की बारिश के साथ कुछ इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। जिसके बाद 18 दिसंबर से दिल्ली के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, तमिलनाडु में आज से 17 दिसंबर के बीच बारिश हो सकती है। वहीं, केरल में 16 से 18 दिसंबर के बीच बारिश होगी। इसके अलावा, लक्षद्वीप में 17 से 18 दिसंबर के बीच बारिश होगी। स्काइमेट वेदर के अनुसार शुक्रवार को अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इसके अलावा, पूर्वी असम, अरुणाचल प्रदेश, लक्षद्वीप, और दक्षिणी केरल में हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, देश के विभिन्न राज्यों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है।