संसद में बुधवार को लोकसभा की कार्यवाही के दौरान दो संदिग्ध दर्शक दीर्घा से कूद गए और जूते से कलर गैस कनस्तर (एक तरह का स्प्रे) निकाल कर पीले रंग का धुंआ करने लगे। जिससे संसद में हर तरफ घना धुंआ फैल गया। इसका फुटेज भी सामने आया है। इस घटना से संसद में हड़कंप मच गया। संसद में हुई इतनी बड़ी चूक से हर कोई हैरान था। वहां मौजूद सांसद भी घबरा गए। हर तरफ अफरा-तफरी मच गई। हालांकि तुरंत ही सांसदों और सुरक्षाकर्मियों ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए कार्यवाही स्थगित कर दी गई थी।
ये एक तरह से स्मोक कैन या स्मोक बम हैं। ये रंगीन गैस कनस्तर लगभग हर देश में वैध हैं। ये आसानी से बाजारों में मिल जाते हैं। इसका इस्तेमाल रंगीन धुंआ निकालने के लिए किया जाता है। ये हानिकारक नहीं होते हैं। इसका उपयोग सैन्य अभियानों,खेल आयोजनों और फोटोशूट में भी किया जाता है। रंगीन धुंए से बैकग्राउंड को बदला जा सकता है। आजकल इसका चलन शादियों में भी स्टेज पर किया जाता है।
जब कोई सैन्य गतिविधियां होती हैं तो सुरक्षा के लिहाज से स्मोक कैन का इस्तेमाल किया जाता है ताकि दुश्मनों की नजरों बच सकें। स्मोक ग्रेनेड से निकलने वाले धुएं से बनी स्मोक सैन्य अभियानों को सुरक्षा देती है।
घटना के बाद स्पीकर ओम बिरला ने घबराए हुए सांसदों को संबोधित करते हुए कहा कि दिल्ली पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी मिली है कि धुंए से कुछ खतरा नहीं है।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, इस घटना में 6 लोगों के शामिल होने का संदेह है। ये सभी गुरुग्राम में ठहरे थे। पुलिस ने इन लोगों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक की तलाश जारी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुलिस ने गरुग्राम से विक्की शर्मा नाम के शख्स और उसकी पत्नी को हिरासत में लिया है।