दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत का मौसम जल्द ही बदलने वाला है। सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट आ गई है। कई राज्यों में धुंध और कोहरे ने अपना असर दिखाना शुरू भी कर दिया है। मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान का मौसम बदलने वाला है। IMD की ओर से उत्तरी मध्य प्रदेश, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, असम और मेघालय को लेकर भी अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक पहाड़ी राज्यों में पारा तेजी से नीचे जा रहा है। इसका असर मैदानी इलाकों पर भी जल्द देखने को मिलेगा।
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात दर्ज की गई। यहां तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। शुक्रवार की रात तापमान गुरुवार को दर्ज हुए शून्य से 2.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले दो डिग्री कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि यहां रात के तापमान में अभी और गिरावट देखने को मिल सकती है। मौसम विभाग ने 12 से 15 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के ऊंचे इलाकों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक 11 दिसंबर से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसके बाद राजधानी में ठंडी हवाएं चलने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिसके बाद जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बर्फबारी और बारिश की संभावना है, जिसके बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है।
इनपुट-एजेंसी