छत्तीसगढ़ में बीजेपी ने अपने नए मुख्यमंत्री का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने विष्णुदेव साय को सीएम घोषित किया है, उनके साथ अरुण साव और विजय शर्मा को डिप्टी सीएम बनाया गया है। अब बीजेपी ने छत्तीसगढ़ में तो आदिवासी दांव चला है, लेकिन इसका असली असर 410 किलोमीटर दूर ओडिशा में दिखने वाला है। लंबे समय से बीजेपी ओडिशा में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही है, उसने कुछ हद तक इसमें सफलता भी हासिल की है।
ये नहीं भूलना चाहिए कि इस समय ओडिशा में कांग्रेस को पछाड़कर बीजेपी प्रमुख विपक्षी पार्टी बन चुकी है। यानी कि ओडिशा में मुकाबला नवीन पटनायक की बीजेडी से बीजेपी का रहने वाला है। अब इस बढ़ती ताकत का असर सीटों पर भी देखने को मिल रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने ओडिशा से 8 सीटें निकाल ली थीं, इसी तरह विधानसभा में भी पार्टी 23 सीटें जीतने में कामयाब हो गई थी।