झारखंड से कांग्रेस के राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू के घर आरकर विभाग में अरबों की संपत्ति मिली है। शुक्रवार से जारी छापेमारी में अभी तक 220 करोड़ रुपये बरामद हो चुके हैं। वहीं आयकर विभाग की छापेमारी में अब भी कैश बरामद हो रहा है। सुदपारा के पास एक घर में छापेमारी में बंटी साहू के घर से भी 19 करोड़ रुपये बरामद हुए हैं। नोटों की गिनती के लिए 30 से अधिक मशीनें लगाई गई हैं। अभी भी नोटों की गिनती का काम जारी है। धीरज साहू के पास से जो कैश बरामद हुआ है उसमें 200 करोड़ सिर्फ ओडिशा के बोलांगीर जिले में डिस्टिलरी समूह के परिसर से बरामद की गई। इसके अलावा कई अन्य ठिकानों पर भी छापेमारी की गई है।
आयकर विभाग ने धीरज साहू के कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। इसमें ओडिशा के बोलांगीर जिले के सुदापाड़ा में सबसे अधिक कैश मिला है। इसके अलावा ओडिशा के संबलपुर और सुंदरगढ़, झारखंड के बोकारो और रांची और कोलकाता में भी छापेमारी की गई हैं जहां से भारी मात्रा में कैश मिला है। वहीं टिटिलागढ़, बौध, सुंदरगढ़, राउरकेला और भुवनेश्वर और झारखंड के रांची और बोकारो में भी छापेमारी की जा रही है।
बता दें कि 2018 में राज्यसभा चुनाव के दौरान धीरज साहू की ओर से जो शपथपत्र चुनाव आयोग को दिया गया था उसमें उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 34 करोड़ रुपये बताई थी। इतना ही नहीं उन्होंने खुद पर करीब 2.40 करोड़ का कर्ज भी बताया था। इससे पहले 2016-17 में उन्होंने अपनी आमदनी सिर्फ 1 करोड़ रुपये बताई थी।
धीरज साहू के पास आयकर विभाग की छापेमारी अकूत संपत्ति मिलने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी निशाना साधा है। उन्होंने एक पोस्ट में कहा, “देशवासियों को नोटों के इन ढेरों को देखना चाहिए और फिर इसके (कांग्रेस) नेताओं के ईमानदारी के भाषणों को सुनना चाहिए। लोगों से लूटा गया एक-एक पैसा वापस करना होगा। यह मोदी की गारंटी है।”
धीरज साहू कांग्रेस के राज्यसभा सांसद हैं। वह तीसरी बार राज्यसभा पहुंचे हैं। इसके अलावा वह चतरा लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं, हालांकि वह जीत नहीं सके। धीरज प्रसाद साहू का परिवार शराब कारोबार से जुड़ा है। उनकी झारखंड के लोहरदगा जिले में बलदेव साहू एंड ग्रुप ऑफ कंपनीज है। इस कंपनी ने 40 साल पहले ओडिशा में देशी शराब बनानी शुरू की थी। धीरज साहू का जन्म 23 नवंबर 1955 को रांची में हुआ था। उनके पिता राय साहब बलदेव साहू अविभाजित बिहार के छोटानागपुर से थे और उन्होंने स्वतंत्रता की लड़ाई में हिस्सा लिया था। 2018 में राज्य सभा के लिए चुने जाने की प्रक्रिया में धीरज साहू ने जो हलफ़नामा दायर किया उसके मुताबिक उन्होंने अपनी संपत्ति 34.83 करोड़ बताई थी। हलफनामे में उन्होंने अपने पास एक रेंज रोवर, एक फॉर्च्यूनर, एक बीएमडब्ल्यू और एक पाजेरो कार बताई थी।