मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। तीनों ही राज्यों में भाजपा बहुमत से सरकार बनाएगी। कांग्रेस पार्टी को तीनों ही राज्यों में हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी भी तीनों राज्यों में चुनाव लड़ी थी। आम आदमी पार्टी को तीनों राज्यों में करारी हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी को NOTA से भी कम वोट मिले हैं।
मध्य प्रदेश में आम आदमी पार्टी 65 सीटों पर चुनाव लड़ी थी और 63 सीटों पर उसकी जमानत जब्त हुई है। आम आदमी पार्टी को मध्य प्रदेश में कुल 2,33,458 मिले हैं। जबकि एमपी में नोटा को 4,27,710 वोट मिले हैं। इस प्रकार से मध्य प्रदेश में नोटा को आम आदमी पार्टी से 1,90,000 से अधिक वोट मिले हैं।
छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी 54 सीटों पर चुनाव लड़ी थी। सभी 54 सीटों पर आम आदमी पार्टी की जमानत भी जब्त हो गई। आम आदमी पार्टी को छत्तीसगढ़ में भी NOTA से कम वोट मिले। आम आदमी पार्टी को राज्य में 1,44,770 वोट मिले। जबकि नोटा को 1,77,678 वोट मिले। इस प्रकार से NOTA को करीब 53,000 ज्यादा वोट आम आदमी पार्टी से मिले।
राजस्थान में आम आदमी पार्टी 85 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ी थी और सभी सीटों पर उसे हार का सामना करना पड़ा। सबसे अहम बात राजस्थान में 84 सीटों पर उसके उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई। केवल एक उम्मीदवार अपनी जमानत बचा पाया। राजस्थान में आम आदमी पार्टी को कुल 1,48,709 वोट मिले हैं जबकि नोटा को 3,82,066 वोट मिले हैं। यानी कि यहां पर नोटा को आम आदमी पार्टी से 2,30,000 अधिक वोट मिले हैं।
राजस्थान में बीजेपी को 115 सीटों पर जीत हासिल हुई है। वहीं कांग्रेस को 66 सीट मिली है। जबकि मध्य प्रदेश में बीजेपी 163 सीटों पर चुनाव जीती है तो वहीं कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव जीती है। छत्तीसगढ़ में बीजेपी को 54 सीटों पर जीत मिली है तो वहीं कांग्रेस 35 सीटों पर जीती है।