भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी अकसर सोशल मीडिया पर चर्चा में बने रहते हैं। सोशल मीडिया पर उनकी कई तस्वीरें आती है जो वायरल हो जाती हैं। इसी क्रम में सोशल मीडिया पर धोनी की एक और तस्वीर आई है, जो फिर से वायरल हो रही है।
दरअसल भाजपा नेताओं के साथ धोनी की मुलाकात की तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है। इसके वायरल होने के बाद उनकी राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चा तेज हो गई। हालांकि इसे महज एक संयोग बताया जा रहा है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह रांची दौरे पर आने वाले थे और उनके स्वागत के लिए बीजेपी के वरिष्ठ नेता एयरपोर्ट पर मौजूद थे। महेंद्र सिंह धोनी भी एयरपोर्ट के लाउंज में ही मौजूद थे और इसी दौरान भाजपा नेताओं ने उनसे मुलाकात की।
यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। बीजेपी झारखंड के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, रांची के विधायक सीपी सिंह और कांके से विधायक समरी लाल गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। यहीं पर तीनों नेताओं ने महेंद्र सिंह धोनी से मुलाकात की।
बीजेपी नेताओं की धोनी से मुलाकात के बाद यह तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई तो चर्चा तेज हो गई। हालांकि अभी तक किसी भी नेता का इस मुलाकात को लेकर बयान नहीं आया है। इससे पहले भी कई बार धोनी की राजनीति में एंट्री को लेकर चर्चाएं चल चुकी है।
बता दें कि इससे पहले भी महेंद्र सिंह धोनी को कई बार राजनीति में एंट्री करने का ऑफर दे दिया गया है। पहली बार तो धोनी को ऑफर बीजेपी की ओर से ही दिया गया था। झारखंड भाजपा की ओर से महेंद्र सिंह धोनी को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया था। पूर्व भाजपा सांसद संजय सेठ ने कहा था कि अगर धोनी चाहेंगे तो उनसे बात की जाएगी। संजय सेठ ने कहा था कि धोनी की इच्छा पर ही सब कुछ निर्भर है।