दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जनता से पूछा है कि यदि उनकी गिरफ्तारी होती है तो क्या उन्हें मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए या हट जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं को घर-घर भेजकर लोगों से यह बताने को कहा है कि उन्हें क्या करना चाहिए। उन्होंने पूछा है कि यदि कथित शराब घोटाले में उनकी गिरफ्तारी होती है तो वे अपना पद छोड़ दे या जेल से ही सरकार चलाएं।
कार्यकर्ता उनसे घर-घर जाकर संपर्क करेंगे। इसके अलावा हर मोहल्ले में वे नुक्कड़ नाटक और कैंपेन करेंगे। आम जनता उनको अपनी राय दे सकती है। पार्टी कार्यकर्ता लोगों को एक फार्म देंगे। इस फॉर्म को भरकर जनता अपनी राय दे सकती है। जब पूरी दिल्ली से ये फॉर्म पार्टी के पास आ जाएंगे तब यह देखा जाएगा कि जनता कि क्या राय है। उसके अनुसार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फैसला लेंगे।
हाल ही में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा था कि वे जनता से राय लें। जैसा जनता कहेगी, वे वैसा ही करेंगे। अरविंद केजरीवाल को उम्मीद है कि जनता उनका समर्थन करेगी। उनका मानना है कि मुफ्त बिजली-पानी और सरकारी बसों में महिलाओं को छूट, दिल्ली के सरकारी स्कूलों की अच्छी व्यवस्था जैसे कार्य से जनता खुश है और वह उनको मुख्यमंत्री बने रहने देना चाहेगी।
कुछ दिन पहले मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को प्रवर्तन निदेशालाय (ED) ने दिल्ली शराब घोटाला मामले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग के केस में पूछताछ के लिए बुलाया था। इस मामले में दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और संजय सिंह पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ईडी अरविंद केजरीवाल से कई तरह की जानकारियां चाहती है।
इस साल अप्रैल में दिल्ली शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल से सीबीआई ने कई घंटे तक पूछताछ की थी। हालांकि केजरीवाल ने पूरे मामले को मनगढ़ंत कहा था।