बिहार के लखीसराय में छठ घाट से लौट रहे श्रद्धालुओं की भीड़ पर एक शख्स ने गोलियां चला दीं जिसमें 6 लोग घायल हो गए। शहर के पंजाबी मोहल्ला में छठ घाट से घर आ रहे श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच ही एक सनकी ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग में छह लोगों को गोली लगी है जिसमें दो की मौत हो गयी।
घायलों में दो महिला और 4 पुरुष हैं। घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से 2 लोगों की अस्पताल में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने लोगों के पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। घायलों का इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर डीएम अमरेंद्र कुमार, एसपी पंकज कुमार, एएसपी रौशन कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे हैं।
प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार सुबह हुई इस गोलीबारी में दो सगे भाइयों की मौत हो गई। वहीं इस घटना में 4 लोग घायल हो गए हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है। लखीसराय एसपी पंकज कुमार ने बताया कि एक ही परिवार के 6 लोग छठ घाट से लौट रहै थे। उनके घर के पास ही उन्हें गोली मारी गयी। गोली मारने वाला आरोपी उनका पड़ोसी है, जिसका नाम अशीष चौधरी है। लगभग 10 दिन पहले हमलावर का इस परिवार संग विवाद हुआ था। लखीसराय के पुलिस अधीक्षक के मुताबिक मामला एक तरफा प्यार का है।
लखीसराय एसपी ने बताया कि आशीष चौधरी का प्रेम-प्रसंग उस परिवार की एक युवती से चल रहा था। आशीष चौधरी युवती से शादी करना चाहता था लेकिन लड़की के परिवार वाले इसके लिए राजी नहीं थे। कुछ दिन पहले भी लड़की के परिवार से आशीष चौधरी का विवाद हुआ था। जिसके बाद उसने आक्रोश में आकर इस घटना को अंजाम दिया।
मिली जानकारी के अनुसार, जिस हथियार से गोलीबारी की गयी थी उसे बिहार पुलिस ने बरामद कर लिया है। शख्स ने 9 एमएम पिस्टल से सभी को गोली मारी थी।