IMD Weather Update Today November 14: दिवाली के बाद राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों में पटाखों की वजह से प्रदूषण बढ़ने के साथ ही ठंड भी कंपकंपाने लगी है। सोमवार को लोगों ने पूरे दिन ठंड महसूस की और मंगलवार की सुबह यह और बढ़ गई। रात के साथ ही दिन के भी तापमान में गिरावट आई है। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मंगलवार (14 नवंबर 2023) के लिए मौसम कार्यालय का पूर्वानुमान है कि सुबह कोहरा और धुंध रहेगा, लेकिन दिन के समय आंशिक रूप से बादल छाये रहेंगे। विभाग का यह भी कहना है कि अगले कुछ दिनों तक दिन के तापमान में गिरावट का रुख बना रहेगा। इसके साथ ही ठंड और तेज होगी।
मौसम विभाग के मुताबिक दिल्ली में वायु गुणवत्ता 14 नवंबर से 16 नवंबर तक खराब से बहुत खराब रहने की आशंका है। राजधानी के अधिकतर इलाकों में मंगलवार की सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक 361 या इससे अधिक रही। पिछले दो दिन से लगातार पटाखों के बजाए जाने से शहर में प्रदूषण बढ़ गया था। इसकी वजह से राजधानी और एनसीआर में कई जगह धुंध और धुएं के चलते लोग परेशान रहे।
जिन लोगों को सांस की परेशानी है, उनके लिए तो घर से बाहर निकलना बहुत कठिन हो गया था। उनके लिए बाहर निकलना खतरनाक हो सकता है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि सरकार के ऐहतियाती कदम उठाने से मौसम में सुधार की गुंजाइश है।
दिल्ली के अलावा उत्तर भारत के कई राज्यों में भी मौसम ठंड होने लगा है। राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में कोहरा भी छाए रहेंगे।
इसी तरह दक्षिण के राज्यों आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुदुच्चेरी, केरल में बारिश का अनुमान है। अगले कुछ दिनों तक दक्षिण के कई शहरों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। पहाड़ों पर बर्फबारी का भी दौर शुरू हो गया है।