आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह को बड़ा झटका लगा है। राउज एवेन्यू कोर्ट ने संजय सिंह को 24 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोर्ट के फैसले से स्पष्ट हो गया है कि अब संजय सिंह की दिवाली जेल में ही मानेगी। हालांकि इस दौरान संजय सिंह को कोर्ट ने विकास कार्यो संबंधी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की अनुमति दी है।
10 नवंबर यानि आज संजय सिंह की न्यायिक हिरासत पूरी हो रही थी। इस दौरान उन्हें स्पेशल जज एमके नागपाल की कोर्ट में पेश किया गया। अदालत से निकलते वक्त संजय सिंह ने एक बार फिर से मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल को फंसाने की बहुत बड़ी साजिश की गई है। ये लोग केजरीवाल की सिर्फ गिरफ्तारी ही नहीं बल्कि उनके साथ बड़ी घटना को भी अंजाम दे सकते हैं।
इसके साथ ही कोर्ट ने संजय सिंह को एक केस में पंजाब ले जाने की इजाजत दी है। संजय सिंह के खिलाफ मानहानि का एक केस है और इसको लेकर उन्हें अमृतसर कोर्ट में पेश किया जाना है। इसी सिलसिले में अब संजय सिंह को अमृतसर ले जाया जाएगा।
इससे पहले संजय सिंह को कोर्ट ने 10 नवंबर तक के लिए न्यायिक हिरासत में भेजा था। उन्हें 27 अक्टूबर को कोर्ट में पेश किया गया था और कोर्ट ने उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी थी। संजय सिंह को 4 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उनकी गिरफ्तारी से पहले 10 घंटे तक उनसे पूछताछ की थी और उसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया था। जमानत को लेकर संजय सिंह सुप्रीम कोर्ट भी पहुंचे हैं लेकिन अभी तक उन्हें राहत नहीं मिली है। वहीं उन्होंने अपनी गिरफ्तारी को हाईकोर्ट में भी चुनौती दी है।
ED की चार्जशीट में संजय सिंह पर 82 लाख रुपए का चंदा लेने का जिक्र है। दिल्ली शराब घोटाला केस में इसी साल जनवरी में ED ने अपनी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम जोड़ा था। मई में संजय सिंह ने दावा किया कि ED ने उनका नाम गलती से जोड़ दिया है। ED ने इस पर जवाब दिया कि हमारी चार्जशीट में संजय सिंह का नाम चार जगह लिखा गया है।