Kejriwal Govt: दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने सोमवार सुबह कर्मचारियों को दिवाली के तोहफे का ऐलान किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार में काम करने वाले कर्मचारी मेरा परिवार हैं और उनके लिए मैं एक खुशखबरी लेकर आया हूं। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पिछले आठ साल में दिल्ली में स्वास्थ्य, शिक्षा, इंफ्रास्ट्रक्चर और पब्लिक सर्विसेस में जितने महत्वपूर्ण काम किए हैं, उसमें सबसे अहम भूमिका हमारे दिल्ली सरकार के कर्मचारियों ने निभाई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन कर्मचारियों की कड़ी मेहनत और काम की बदौलत हम दिल्ली को सपनों का शहर बनाने में सफल हुए हैं। केजरीवाल ने कहा कि यह महीना त्योहारों का महीना है। इन त्योहारों के मौसम में हम अपने सभी ग्रुप B नॉन गजेटेड और ग्रुप C के कर्मचारियों को 7000 रुपये का बोनस दे रहे हैं। यह फैसला हमने दिल्ली सरकार की तरफ से लिया है। उन्होंने कहा कि इस वक्त दिल्ली सरकार में लगभग 80 हजार ग्रुप B और ग्रुप C कर्मचारी हैं। यह बोनस देने के लिए 56 करोड़ रुपये का खर्चा आएगा। इससे हमारे कर्मचारियों के घरों में खुशियां दोगुनी हो जाएंगी।
केजरीवाल ने आगे कहा कि एक सरकार के रूप में हमने अपने कर्मचारियों की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए हमेशा कोशिश की है और यह कोशिश जारी रहेगी। मुख्यमंत्री ने इस दौरान दिवाली की सभी कर्मचारियों और दिल्लीवासियों को शुभकामनाएं भी दीं।
इससे पहले 3 नवंबर को यूपी की योगी सरकार ने अपने कर्मचारियों को बड़ा तोहफा दिया था। सरकार ने दिवाली से पहले बोनस और महंगाई भत्ते का ऐलान किया था। सरकार की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, प्रदेश सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली के तोहफे के रूप में बोनस दिया है। बोनस के रूप में 6908 रुपये मिलेंगे। इसके अतिरिक्त चार फीसदी महंगाई भत्ता भी दिया जाएगा। इसका फायदा प्रदेश के 14 लाख से ज्यादा कर्मचारियों को मिलेगा।
जानकारी के मुताबिक, योगी सरकार अपने अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस और सभी राज्य कर्मचारियों व शिक्षकों को बढ़ी हई दर से महंगाई भत्ता देगी। महंगाई भत्ते में की गई बढ़ोतरी से राज्य के सरकारी खजाने पर प्रति माह करीब करीब 300 करोड़ रुपये का बोझ आएगा। बोनस की राशि अधिकतम सात हजार रुपए हो सकती है।
बता दें कि हाल ही में केंद्र सरकार ने भी अपने कर्मचारियों के लिए चार फीसदी महंगाई भत्ता देने का ऐलान किया था। अब योगी सरकार भी राज्य कर्मियों को चार फीसदी महंगाई भत्ता देगी। महंगाई भत्ता देने की घोषणा पर राज्य कर्मचारियों का डीए 42% से बढ़कर 46% हो जाएगा। डीए वृद्धि का लाभ 10 लाख राज्यकर्मियों, आठ लाख शिक्षकों और पेंशनरों को मिलेगा।