छत्तीसगढ़ विधानसभा की 90 सीटों के लिए 7 और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को दोपहर तीन बजे कांकेर शहर में एक चुनावी रैली को संबोधित करने वाले हैं। वहीं, पीएम की रैली से पहले कांकेर जिले में संदिग्ध नक्सलियों ने की तीन ग्रामीणों की हत्या कर दी।
छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के एक गांव में संदिग्ध नक्सलियों ने महाराष्ट्र पुलिस के लिए मुखबिरी करने के संदेह में तीन ग्रामीणों की हत्या कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने एक बयान में कहा कि उन्हें घटना के बारे में सूचना मिली है और इस संबंध में जानकारी इकट्ठा की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पड़ोसी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले से सटे छोटेबेठिया पुलिस थाना (कांकेर) के मोरखंडी गांव के निवासी कुल्ले कतलामी (35), मनोज कोवाची (22) और डुग्गे कोवाची (27) की नक्सलियों ने हत्या कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर फेंके गए पर्चे में माओवादियों ने दावा किया कि तीनों महाराष्ट्र पुलिस की विशेष नक्सल विरोधी इकाई सी-60 के लिए मुखबिर के रूप में काम कर रहे थे। उन्होंने बताया कि घटना के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में होगा। कांकेर जिले में पहले चरण में सात नवंबर को मतदान होगा, जबकि अन्य 70 सीटों पर 17 नवंबर को दूसरे चरण में वोट डाले जाएंगे।