अमेरिका एक नया सुपर-शक्तिशाली परमाणु बम बना रहा है। यह बम 1945 में जापान के हिरोशिमा पर गिराए गए बम से भी करीब 24 गुना शक्तिशाली होगा। अमेरिकी रक्षा विभाग के मुताबिक इस बम को बनाने के लिए पेंटागन की ओर से फंडिंग और मंजूरी के लिए काम शुरू कर दिया गया है। इस नए परमाणु बम को बी61-13 नाम दिया गया है। पेंटागन ने एक बयान में कहा कि यह बम दुश्मनों को बड़ी चुनौती देगा।
यह बम करीब 360 किलो टम का होगा। इसकी क्षमता द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान जापान पर गिराए गए परमाणु बम से 24 गुना ज्यादा होगी। हिरोशिमा पर जो बम गिराया गया था वह सिर्फ 15 किलो टन का था। वहीं नागासाकी पर जो बम गिराया गया था वह 25 किलो टन का था। अमेरिका अब जो बम बना रहा है वह पहले से कहीं अधिक घातक और सटीक होगा।
बता दें कि द्वितीय विश्व युद्ध के दौरान 6 अगस्त 1945 को ही हिरोशिमा में सुबह 8.15 के समय अमेरिका के बी29 बॉम्बर एनोला गे ने लिटिल बॉय नाम का परमाणु गिराया था जिसमें 20 हजार टन के टीएनटी से भी ज्यादा बल था। इसके तीन दिन बाद ही एक और परमाणु बम जिससे फैट मैन कहा जाता है नागासाकी के ऊपर सुबह 11 बजे गिराया। पहले हमले में 80 हजार और दूसरे हमले में करीब 40 हजार लोग मारे गए।
बता दें कि हाल ही में अमेरिका ने नेवादा की न्यूक्लियर साइट पर एक बड़े बम का परीक्षण किया है। रूस भी उस संधि से बाहर आ चुका है जिसमें 1966 के दौरान प्रतिबंध लगाया गया था। नए बम के बाद अमेरिका की परमाणु ताकत में और इजाफा होने की उम्मीद है। यह परीक्षण ऐसे समय में किया जा रहा है जब इस तरफ इजरायल और हमास के बीच जंग जारी है। वहीं दूसरी तरफ चीन के साथ अमेरिका की तनातनी पिछले कुछ समय में जाहिर हो चुकी है।