राज्यवर्धन राठौड़ कभी सेना में थे। वहं रहते ओलंपिक में गए। ऐसा निशाना साधा कि छा गए। भारत को चादी का तमगा दिला दिया। फिर उन पर नरेंद्र मोदी की नजर पड़ी। 2014 में उनको टिकट दिया गया। वो जीते कैबिनेट में आए। 2019 में भी वो जीते पर इस बार कैबिनेट से बाहर हैं। राजस्थान असेंबली का चुनाव उनकी राजनीतिक हैसियत तय करने का काम करेगा।
2014 में कांग्रेस के कद्दावर नेता और मनमोहन सिंह सरकार में कैबिनेट मंत्री रह चुके डॉ. सीपी जोशी के खिलाफ राठौड़ को जयपुर ग्रामीण लोकसभा क्षेत्र से मैदान में उतारा गया था। राठौड़ ने चुनाव में जोशी को 3,30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराया था। 2014 से पहले कर्नल (सेवानिवृत्त) राज्यवर्धन राठौड़ देश का नाम रोशन करने के लिए जाने जाते थे। उन्होंने 2004 ओलंपिक में रजत पदक जीता था। पहले कार्यकाल में राठौड़ को मोदी सरकार में सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री के रूप में जगह मिली। फिर उन्हें खेल और युवा मामलों के मंत्रालय का स्वतंत्र प्रभार वाला मंत्री बनाया गया। ये उनका प्रमोशन था। इस दौरान वो अपने दफ्तर में पुशअप्स मारने के बाद विराट कोहली और धोनी को चैलेंज करते दिखे थे।
राठौड़ को लोकसभा चुनाव 2019 के लिए फिर से मैदान में उतारा गया। उनके सामने दिग्गज प्लेयर कृष्णा पूनिया थीं। एक बार फिर राठौड़ ने बाजी मारी। जयपुर ग्रामीण सीट से लोकसभा चुनाव लड़ने वाले राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कांग्रेस की कृष्णा पूनिया को बड़े अंतर से हराकर फिर से लोकसभा पहुंचे। कांग्रेस ने डिस्कस थ्रोअर (चक्का फेंक) खिलाड़ी कृष्णा पूनिया को उतारा था। वो जीते तो पर इस बार कैबिनेट में जगह नहीं मिली। हालांकि देखा जाए तो वो तरक्की पर हैं, क्योंकि जब राठौड़ ने राजनीति में प्रवेश किया तो उनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी। उनका जन्म जैसलमेर में हुआ था। उनके पिता भी भारतीय सेना में कार्यरत थे। उनकी पत्नी गायत्री सेना में ही डॉक्टर हैं।
सेना में एक बेहतरीन अफसर होने के साथ वो वह एक बेहतरीन निशानेबाज भी रहे हैं। उन्होंने 2004 में एथेंस ओलंपिक में रजत पदक जीता जिसके बाद वह सुर्खियों में आ गए। उन्होंने 2002 राष्ट्रमंडल खेलों और 2006 राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने 2004 और 2006 में विश्व शूटिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक भी जीते। मंत्री रहते खेलो इंडिया अभियान के लिए मैरी कॉम के साथ बॉक्सिंग करते या दोनों हाथों से टेबल टेनिस खेलते हुए कैमरे में कैद किया गया है।