प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को गोवा में 37वें राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत 2036 में ओलंपिक की मेजबानी के लिए तैयार है। पीएम ने कहा कि सरकार ने पिछले नौ सालों में खेलों पर खर्च तीन गुना बढ़ाया है। राष्ट्रीय खेलों का आयोजन गोवा में 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक किया जाएगा।
मडगांव के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में राष्ट्रीय खेलों का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि गोवा में इन खेलों का आयोजन तब किया जा रहा है जब भारतीय खेल नहीं ऊंचाइयां छू रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा,‘‘हमने खिलाड़ियों को वित्तीय लाभ दिलाने के लिए योजनाओं में बदलाव किया है। भारत में खेल प्रतिभा की कमी नहीं है और देश ने खेलों में कई चैंपियन तैयार किए हैं।
गोवा में प्रधानमंत्री ने कहा, “ये राष्ट्रीय खेल ऐसे समय में हो रहे हैं, जब भारत खेल जगत में एक के बाद एक सफलता की नई ऊंचाई प्राप्त कर रहा है। 70 वर्षों में जो नहीं हुआ, वह इस बार हमने एशियाई खेलों में देखा है। इस समय Asian Para Games भी चल रहे हैं। इसमें भी भारतीय खिलाड़ियों ने 70 से अधिक मेडल जीतकर अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा अभूतपूर्व आत्मविश्वास से भरा हुआ है। इसी आत्मविश्वास को राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने के लिए My Bharat नाम के एक प्लेटफॉर्म को स्वीकृति दी गई है। ये ग्रामीण और शहरी युवा यानी देश के हर युवा को आपस में और सरकार के साथ जोड़ने का वन स्टॉप सेंटर होगा।
पीएम मोदी ने पिछले 30 से 35 दिनों में अपनी सरकार के कई प्रमुख कार्यों का उल्लेख किया, जिसमें महिला आरक्षण विधेयक का पारित होना, गगनयान मिशन में महत्वपूर्ण परीक्षण सफलतापूर्वक पूरा करना, क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट की नमो भारत रेलगाड़ियों का शुभारंभ, इजरायल में फंसे भारतीय नागरिकों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए ऑपरेशन अजय उड़ानों का संचालन शामिल हैं।
PM ने कहा कि 2000 के बाद केंद्र सरकार ने जरूरी खेल आधारभूत ढांचा तैयार किया और प्रतियोगिताओं के लिए चयन प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी बनाया साथ ही खिलाड़ियों के लिए वित्तीय योजनाओं में बदलाव किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारें खेलों के लिए पर्याप्त बजट नहीं रखती थी। उन्होंने कहा,‘‘हमने खेल बजट में बढ़ोतरी की। इस साल (2023-24) का खेल बजट 9 साल पहले के खेल बजट की तुलना में तीन गुना अधिक है।’’ मोदी ने कहा कि देश में खेल गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र सरकार ने नई प्रणाली शुरू की। उन्होंने कहा,‘‘स्कूलों कॉलेज और विश्वविद्यालय से विद्यार्थियों की पहचान की गई और उन्हें विभिन्न क्षेत्र में प्रशिक्षण दिया गया। सरकार ने उनके खान-पान औरप्रशिक्षण पर भी खर्च किया।’’
राष्ट्रीय खेलों का आयोजन गोवा में 26 अक्टूबर से 9 नवंबर तक किया जाएगा। इसमें देश भर के 10000 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। इन खेलों में कुल 43 खेल शामिल हैं जिनका आयोजन 28 स्थलों में किया जाएगा।