FEMA Case,ED Action on Ashok Gehlot Son: चुनावी मौसम में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही है। अब ED ने उनके बेटे वैभव गहलोत को समन भेजकर पेश होने के लिए कहा है। अशोक गहलोत ने X पर एक पोस्ट के जरिए कहा कि 25 अक्टूबर को हमने राजस्थान की महिलाओं को कांग्रेस की तरफ से 5 गारंटी दीं। 26 अक्टूबर को ED ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा के यहां रेड दी।
उन्होंने इसी पोस्ट में यह भी जानकारी दी कि उनके बेटे वैटे वैभव गहलोत को ED में हाज़िर होने का समन भेजा है। सीएम अशोक गहलोत ने आगे कहा, “अब आप समझ सकते हैं, जो मैं कहता आ रहा हूँ कि राजस्थान के अंदर ED की रेड रोज इसलिए होती है क्योंकि BJP ये नहीं चाहती कि राजस्थान में महिलाओं को, किसानों को, गरीबों को कांग्रेस द्वारा दी जा रही गारंटियों का लाभ मिल सके।”
गुरुवार सुबह सूत्रों ने जानकारी दी कि ED ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और निर्दलीय विधायक ओम प्रकाश हुडला से जुड़े ठिकानों पर छापेमारी की। हालांकि ED ने अभी तक इस बारे में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। कहा जा रहा है कि यह छापेमारी पेपर लीक मामले में की गई। यह पहली बार है कि गोविंद सिंह के खिलाफ ED ने छापेमारी की है। आपको बता दें कि गोविंद सिंह डोटासरा और ओम प्रकाश हुडला दोनों को कांग्रेस ने फिर से मैदान में उतारा है।