दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्रियों के विभागों में बड़ा फेरबदल किया है। दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी के विभाग एक दूसरे से बदले गए हैं। सौरभ भरद्वाज की जगह आतिशी अब जल विभाग देखेंगी तो वहीं पर्यटन, कला और संस्कृति आतिशी की जगह अब सौरभ भारद्वाज देखेंगे।
बता दें कि आतिशी और सौरभ भारद्वाज को तत्कालीन उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के जेल जाने के बाद मंत्री बनाया गया था। सत्येंद्र जैन और मनीष सिसोदिया के जेल में जाने के बाद अरविंद केजरीवाल ने अपने मंत्रिमंडल में दो मंत्रियों को शामिल किया था। मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन के विभागों को आतिशी और सौरभ भारद्वाज के बीच बांटा गया था।
बता दें कि सौरभ भारद्वाज तीसरी बार विधायक बने हैं। 2013 में वह पहली बार आम आदमी पार्टी के टिकट पर विधायक चुने गए थे। इसके बाद उन्हें दिल्ली जल बोर्ड का अध्यक्ष भी बनाया गया था। वहीं आतिशी शिक्षा विभाग में मनीष सिसोदिया की सलाहकार थीं। जब मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन जेल में थे, इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के एलजी विनय कुमार सक्सेना से सौरभ भारद्वाज और आतिशी को कैबिनेट में शामिल करने के लिए शपथ दिलाने का अनुरोध किया।
मनीष सिसोदिया और सत्येंद्र जैन ने मार्च में अपने इस्तीफे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को सौंपे थे और इसके बाद उन्होंने इस्तीफा स्वीकार कर लिया था। इसके बाद सौरभ भारद्वाज और आतिशी को मंत्री नियुक्त किया गया था।
दिल्ली में वायु प्रदूषण के मुद्दे पर जुबानी जंग जारी है। दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने दिल्ली प्रदूषण कंट्रोल कमेटी के अध्यक्ष अश्विनी कुमार को सस्पेंड करने की मांग की। यह मांग उन्होंने सीएम अरविंद केजरीवाल से की। तो वहीं एनडीएमसी के उपाध्यक्ष ने दिल्ली सरकार पर गंभीर आरोप लगाया। एनडीएमसी के उपाध्यक्ष भाजपा नेता सतीश उपाध्याय हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार पूरी तरह से भ्रष्ट है और किसी को काम करने में कोई दिलचस्पी नहीं है। वह सिर्फ बातें करते हैं या फिर आरोप लगाते हैं। सतीश उपाध्याय ने यह भी कहा कि अरविंद केजरीवाल बैठक में नहीं आते हैं और कभी-कभी तो स्थगित भी कर देते हैं और सवालों का भी जवाब नहीं देते हैं।