पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अपनी तुलना नेल्सन मंडेला से की है। ऐसा करके वो खुद को एक पीड़ित के रूप में पेश कर रहे हैं। उनका कहना है कि राजनीतिक कारणों से उन्हें और उनके व्यवसाय को निशाना बनाया जा रहा है। लेकिन वो नेल्सन मंडेला की तरह से ही इन चीजों से डरते नहीं हैं।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपनी दावेदारी के वास्ते प्रायमरी की खातिर पंजीकरण कराने के लिए न्यू हैम्पशायर लौटते हुए ट्रम्प ने एक रैली की थी। उन्होंने कहा कि वह दक्षिण अफ्रीका के पूर्व राष्ट्रपति नेल्सन मंडेला की तरह जेल जाएंगे। ध्यान रहे कि दक्षिण अफ्रीका की रंगभेद नीति का विरोध करने के लिए मंडेला ने 27 साल जेल में बिताए थे। बाद में वह दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति बने और उन्हें नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
न्यू हैम्पशायर में ट्रम्प ने कहा कि मुझे नेल्सन मंडेला होने पर कोई दिक्कत नहीं है, क्योंकि मैं ऐसा एक कारण से कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हमें अपने देश को कुछ फासीवादियों और सनकियों से बचाना है। ये भयानक लोग हैं और अमेरिका को बर्बाद कर रहे हैं।
ट्रम्प को चार आपराधिक मामले के साथ-साथ दीवानी मामलों में अदालत की सुनवाई का सामना करना पड़ रहा है। उन पर संपत्तियों को लेकर गलत जानकारी देने, महिलाओं को पैसा देने, 2020 के चुनाव में अपनी हार को पलटने की कोशिश और मार-ए-लागो क्लब में गुप्त दस्तावेज जमा कराने का आरोप है। ट्रम्प के खिलाफ इन मामलों में काफी साक्ष्य हैं, जिसकी वजह से उनके ऊपर जेल जाने का खतरा तेजी से मंडरा रहा है।
रैली में वो अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन पर भी बरसे। इजरायल पर हमास के हमले के मुद्दे पर उन्होंने जो बाइडन की आलोचना की। उन्होंने लोगों से वायदा किया कि फिर से सत्ता में आते हैं तो अमेरिका के लिए मिसाइल रक्षा की ढाल बनाने का काम पहल के आधार पर करेंगे।