आम आदमी पार्टी और गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा के कई नेता गुरुवार को विपक्षी पार्टी के राज्य प्रभारी महासचिव मुकुल वासनिक की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हो गए। यहां मुख्यालय ‘राजीव गांधी भवन’ में कांग्रेस में शामिल होने वाले कुछ प्रमुख नेताओं में वलसाड की धरमपुर सीट के पूर्व विधायक ईश्वर पटेल और गुजरात आप के अल्पसंख्यक सेल के पूर्व अध्यक्ष आरिफ अंसारी शामिल थे। पटेल 2012 में कांग्रेस विधायक के रूप में धरमपुर सीट से जीते थे। वह कुछ समय पहले ही बीजेपी में शामिल हुए थे।
सूरत स्थित वकील अंसारी ने कहा कि उन्होंने लगभग चार महीने पहले आप से इस्तीफा दे दिया था क्योंकि उन्हें अल्पसंख्यक सेल से हटा दिया गया था और खेल सेल का अध्यक्ष बनाया गया था। कांग्रेस की एक प्रेस रिलीज में कहा गया है कि कांग्रेस में शामिल होने वाले अन्य नेताओं में कोडिनार तालुका के पूर्व भाजपा अध्यक्ष प्रवीणसिंह जाला, संतरामपुर शहर के पूर्व भाजपा अध्यक्ष सुनील भोई, भाजपा की राज्य महिला शाखा की संगठन सचिव मीराबेन पांचाल और नर्मदा जिले के पूर्व आप अध्यक्ष धर्मेंद्रसिंह गोहिल शामिल हैं।
रिलीज में कहा गया कि दिन में भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) के कई पदाधिकारी भी कांग्रेस में शामिल हुए। इस अवसर पर, वासनिक ने कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियां देश के नागरिकों को नुकसान पहुंचा रही हैं, जिसके परिणामस्वरूप अमीर और अमीर होते जा रहे हैं और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। नए लोगों का स्वागत करते हुए वासनिक ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस देश को एकजुट करने के मिशन पर है और देश को बचाने के लिए सभी को एक साथ आना होगा।
गुजरात कांग्रेस अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा सभी को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। कांग्रेस की प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इन नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने से गुजरात में पार्टी और मजबूत होगी।
वहीं, दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए गुरुवार को 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की, जिसमें प्रधानमंत्री मोदी, पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह शामिल हैं। । पार्टी ने स्टार प्रचारकों की जो सूची जारी की है उसमें केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, स्मृति ईरानी, मनसुख मंडाविया और अनुराग सिंह ठाकुर के नाम भी हैं। इस सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल हैं। राज्य में दो चरणों में 7 नवंबर और 17 नवंबर को विधानसभा चुनाव होंगे। वोटों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी।