अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार को कहा कि आतंकवादी समूह हमास आतंकवादी संगठन अलकायदा से भी बदतर है। जो बाइडेन ने कहा कि हमें जितना अधिक इस हमले के बारे में पता चलता है वह उतना और अधिक भयावह प्रतीत होता है। एक हजार से अधिक निर्दोष लोग मारे जा चुके हैं, जिनमें 27 अमेरिकी भी शामिल हैं।
जो बाइडेन ने अपने संबोधन में कहा, “इनके मुकाबले तो अलकायदा भी कुछ ठीक लगता है। ये शैतान हैं। जैसा मैं शुरुआत से कहता आ रहा हूं कि अमेरिका इसे लेकर गलती नहीं कर रहा, वह इजराइल के साथ है। विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन कल इजराइल में थे और आज रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन वहां हैं। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इजराइल को अपनी रक्षा के लिए जो कुछ भी चाहिए वह उसके पास हो और वह हमलों का जवाब दे।”
जो बाइडेन ने कहा कि मेरी प्राथमिकता यह भी है कि गाजा में मानवीय संकट से निपटा जाए। उन्होंने कहा, “अमेरिकी टीम इस क्षेत्र में काम कर रही हैं और इजराइल की मदद के लिए मिस्र, जॉर्डन और अन्य अरब देशों की सरकारों और संयुक्त राष्ट्र के साथ सीधे संवाद कर रही हैं। हम इस बात की अनदेखी नहीं कर सकते कि फलस्तीन की अच्छी खासी आबादी का हमास से और उसके हमलों से कोई लेना नहीं है। आज मैंने उन सभी अमेरिकी परिवारों से जूम कॉल पर एक घंटे से अधिक समय तक बात की जिनके परिवार के सदस्य लापता हैं।”
जो बाइडेन ने कहा, “हम हमास द्वारा पकड़े गए अमेरिकियों की रिहाई सुनिश्चित करने के लिए इजराइल और क्षेत्र में अपने सहयोगियों के साथ चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं। हम तब तक रुकने वाले नहीं हैं जब तक हम उन्हें घर नहीं ले आते।”
इजरायल और हमास के बीच युद्ध में जान गंवाने वालों की संख्या 2800 से अधिक हो चुकी है। इस युद्ध के दौरान इजरायल के 1300 से अधिक नागरिकों की मौत हुई है, जबकि गाजा पट्टी में रहने वाले 1500 से अधिक लोग मारे गए हैं।