दिल्ली की एक अदालत ने समाचार पोर्टल न्यूजक्लिक के फाउंडर प्रबीर पुरकायस्थ और वेबसाइट के एचआर हैड अमित चक्रवर्ती को मंगलवार को 10 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। उन्हें यूएपीए अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि चीन के पक्ष में प्रचार करने के लिए समाचार पोर्टल को विदेश से पैसे मिले थे।
मंगलवार को दोनों को एडीजे हरदीप कौर की अदालत में पेश किया गया। प्रासीक्यूशन ने अदालत से आग्रह किया कि दोनों को 10 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया जाए। जबकि पुरकायस्थ के वकील ने इसका कड़ा विरोध करते हुए कहा कि उनके मुवक्किल के खिलाफ कोई मामला नहीं बनता है। लेकिन अदालत ने बचाव पक्ष की कोई भी दलील नहीं सुनी। दोनों को जेल भेज दिया।
दिल्ली पुलिस ने तीन अक्टूबर को पुरकायस्थ और चक्रवर्ती को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने न्यूजक्लिक दफ्तर को भी सील कर दिया था। पुलिस ने आरोप लगाया गया है कि भारत की संप्रभुता को नुकसान पहुंचाने और देश में असंतोष पैदा करने के लिए समाचार पोर्टल को चीन से बड़ी राशि मिली थी। ये भी आरोप है कि 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान चुनावी प्रक्रिया को नुकसान पहुंचाने के लिए पुरकायस्थ ने पीएडीएस के साथ मिलकर साजिश रची थी।
पुलिस ने बताया कि डेटा के विश्लेषण में सामने आए संदिग्धों पर तीन अक्टूबर को दिल्ली में 88 और अन्य राज्यों में सात स्थानों पर छापे मारे गए। न्यूजक्लिक के कार्यालयों और पत्रकारों के आवासों से करीब 300 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। छापेमारी के बाद नौ महिला पत्रकारों समेत 46 लोगों से पूछताछ की गई। दिल्ली हाईकोर्ट ने पुरकायस्थ और चक्रवर्ती की ओर से उनकी गिरफ्तारी और उसके बाद सात दिन की पुलिस हिरासत को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सोमवार को अपना आदेश सुरक्षित रख लिया था। आज इस पर सुनवाई की गई तो दोनों को जेल भेज दिया गया।