देश में धीरे-धीरे मौसम का मिजाज बदल रहा है। देश की राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के इलाकों में धीरे-धीरे ठंड बढ़ रही है और तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। वहीं मौसम विभाग ने देश के कुछ हिस्सों में बारिश की संभावना जताई है।
दिल्ली में सोमवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। वहीं मौसम विभाग ने अनुमान लगाया है कि दिल्ली में मंगलवार को हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा दिल्ली से सटे नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में भी हल्की बारिश हो सकती है। देश के पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, लद्दाख में गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है।
पूर्वोत्तर भारत में मौसम विभाग के अनुसार कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा की भविष्यवाणी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में गरज और बिजली के साथ अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना है। इसके अलावा नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी इसी तरह की मौसम की स्थिति की संभावना जताई गई है।
पूर्वी भारत की बात करें तो 9 अक्टूबर को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। साथ ही पश्चिम बंगाल और सिक्किम के अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा, तूफान और बिजली गिरने की भी संभावना है। इसके बाद वर्षा में कमी आएगी।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से लेकर 11 अक्टूबर के दौरान तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर गरज और बिजली के साथ हल्की से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 10 अक्टूबर को कर्नाटक और केरल में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।
सिक्किम में बादल फटने के बाद आई बाढ़ ने आम जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य में 15 अक्टूबर तक स्कूल, कॉलेज और विश्वविधालयों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। सरकार के अनुसार सिक्किम में बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के चलते चार जिलों में 41,870 लोग प्रभावित हुए हैं। वहीं मंगन जिले को आपदा का सबसे ज्यादा खामियाजा भुगतना पड़ा है, जहां लगभग 30,300 लोग आपदा की चपेट में आ गए हैं।