मणिपुर के ग्रामीण विकास और पंचायती राज मंत्री खेमचंद युमनाम (Yumnam Khemchand) के अति सुरक्षित आवास के पास चीन में बने हथगोले से किए गए हमले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक जवान सहित दो लोग घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, हमला वेस्ट इंफाल जिले के युमनाम लेइकई में शनिवार रात करीब साढ़े दस बजे हुआ। सीआरपीएफ जवान की तैनाती मंत्री के आवास पर थी। उसके एक हाथ में छर्रे लगे हैं। अभी तक किसी भूमिगत संगठनों की ओर से कोई दावा नहीं किया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
पुलिस ने बताया कि मोटरसाइकिल पर आए दो हमलावरों ने इस घटना को अंजाम दिया। यह हथगोला मंत्री के आवास के मुख्य द्वार से कुछ मीटर की दूरी पर गिरा। पुलिस के अनुसार, हमले में घायल सीआरपीएफ जवान की पहचान दिनेश चंद्र दास के रूप में हुई है और वह पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक जवान के हाथ में चोट आई है।
पुलिस के मुताबिक, हमले में एक महिला भी घायल हुई है और उसके दाएं पैर में चोट आई है। युमनाम राज्य सरकार में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री हैं। मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने घटनास्थल का दौरा किया और हमले की निंदा की।
खेमचंद मणिपुर के उन मंत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने मैतेई और कुकी उग्रवादियों के बीच जारी संघर्ष पर अपना रुख स्पष्ट करने के लिए दिल्ली में मणिपुर के युवाओं के प्रतिनिधियों के साथ चार घंटे की बैठक में भाग लिया था। पुलिस ने मंत्रियों और अधिकारियों के आवासों के आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। समाज कल्याण मंत्री नेमचा किपगेन ने स्पीकर को लिखे पत्र में कहा कि वह विधानसभा के विशेष सत्र में शामिल नहीं हो सकेंगी क्योंकि उनका सुरक्षा कवर पर्याप्त नहीं है।
मुख्यमंत्री के एक सलाहकार पर हाल ही में हमला हुआ था और उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। बहरहाल मंत्री के आवास पर हमले को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।