अफगानिस्तान के हेरात प्रांत में शनिवार को कई झटकों के साथ जोरदार भूकंप आया है। सबसे तेज झटका 6.3 तीव्रता का था। जिसमें कम से कम 14 लोगों की जान चली गई और 78 लोग घायल हो गए हैं। एक अधिकारी ने कहा कि ढही हुई इमारतों के नीचे लोगों के दबे होने की खबरों के बीच मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। हेरात प्रांत के सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक मोहम्मद तालेब शाहिद ने मीडिया को बताया कि मरने वालों की वे संख्याएं हैं जो अब तक केंद्रीय अस्पताल में लाई गई हैं, इसका आंकड़ा बढ़ सकता है। दोपहर 12:42 बजे रिक्टर पैमाने पर 6.2 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप दर्ज किया गया था। इससे पहले दोपहर 12:19 बजे 5.6 तीव्रता का भूकंप और 12:11 बजे 6.1 तीव्रता का झटका आया।
हेरात प्रांत के सार्वजनिक स्वास्थ्य निदेशक मोहम्मद तालेब शाहिद ने कहा कि सभी लोग अपने घरों से बाहर हैं। घर, कार्यालय और दुकानें सभी खाली हैं और तेज भूकंप आने की आशंका है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार चिल्लाने लगा और बाहर भाग गया और वापस अंदर जाने से डर रहा है। संभावित हताहतों या क्षति पर तालिबान सरकार के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है।
फिलहाल टेलीफोन कनेक्शन बंद हैं जिससे प्रभावित क्षेत्रों से सटीक जानकारी हासिल नहीं हो पा रही है। सोशल मीडिया वीडियो में हेरात शहर में सैकड़ों लोग अपने घरों और कार्यालयों के बाहर सड़कों पर दिखाई दे रहे हैं। इस प्रांत की सीमा ईरान से लगती है, स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, भूकंप आसपास के फराह और बदघिस प्रांतों में भी महसूस किया गया।
जून 2022 में पूर्वी अफगानिस्तान के एक ऊबड़-खाबड़, पहाड़ी क्षेत्र में एक शक्तिशाली भूकंप आया था जिसमें पत्थर और मिट्टी-ईंटों के घर जमींदोज हो गए थे। यह भूकंप अफगानिस्तान में दो दशकों में सबसे घातक था, जिसमें कम से कम 1,000 लोग मारे गए थे और लगभग 1,500 लोग घायल हो गए थे।