BJP ने गुरुवार को राहुल गांधी को दशानन के रूप में दर्शाते हुए एक पोस्टर साझा किया और उन्हें ‘नए युग का रावण’ करार दिया, जिस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि यह उसके पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ हिंसा भड़काने का प्रयास है, लेकिन पार्टी इससे डरने वाली नहीं है।
BJP ने X पर कांग्रेस नेता की तस्वीर साझा करते हुये लिखा, “नए युग का रावण यहां है। वह बुरा है, धर्म विरोधी, राम विरोधी है, उसका लक्ष्य भारत को नष्ट करना है।” ग्राफिक्स के जरिए फिल्म के पोस्टर की तरह तैयार इस तस्वीर के शीर्ष पर लिखा गया है ‘भारत खतरे में है’। साथ ही राहुल गांधी की तस्वीर पर ‘रावण’ तथा तस्वीर के नीचे के हिस्से में ‘ए कांग्रेस पार्टी प्रोडक्शन’ और ‘जॉर्ज सोरोस द्वारा निर्देशित’ लिखा गया है। जॉर्ज सोरोस एक अमेरिकी अरबपति हैं और BJP उनपर भारत के खिलाफ एजेंडा चलाने का आरोप लगाती रही है।
BJP के इस पोस्ट को लेकर सत्तारूढ़ पार्टी पर पलटवार करते हुए कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा, “BJP के आधिकारिक हैंडल पर राहुल गांधी को रावण के रूप में दिखाने वाले घटिया ग्राफ़िक के पीछे वास्तविक मंशा क्या है? इसका स्पष्ट रूप से एक ही मकसद है — एक कांग्रेस सांसद और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष के ख़िलाफ़ हिंसा के लिए उकसाना और भड़काना, जिनके पिता और दादी की हत्या उन ताकतों ने की थी जो भारत को तोड़ना चाहते थे।”
The new age Ravan is here. He is Evil. Anti Dharma. Anti Ram. His aim is to destroy Bharat. pic.twitter.com/AwDKxJpDHB
उन्होंने X पर दावा किया, “प्रधानमंत्री का हर दिन झूठ बोलकर मानसिक रूप से बीमार होने और आत्ममुग्धता के विकार से पीड़ित होने का सबूत देना एक बात है। लेकिन अपनी पार्टी से इस तरह के घृणा से भरे कंटेंट बनवाना न केवल पूरी तरह से अस्वीकार्य है, बल्कि बेहद ख़तरनाक भी है।” रमेश ने कहा, “हम डरने वाले नहीं हैं।”
उन्होंने 1945 में एक पत्रिका में प्रकाशित कार्टून का हवाला दिया और दावा किया कि गांधी और कांग्रेस हमेशा से BJP एवं उसके वैचारिक पूर्वजों के निशाने पर रहे हैं। रमेश ने कहा, “यह कार्टून 1945 में ‘अग्रणी’ पत्रिका में छपा था, जिसका सम्पादक नाथूराम गोडसे था। तीर चलाने वालों में एक सावरकर है। गांधी और कांग्रेस हमेशा से इनके निशाने पर रहे हैं, लेकिन न तब डरे थे, न आज डरे हैं और न ही आगे डरने वाले हैं।”
CWC के सदस्य गुरदीप सप्पल ने भी इस पत्रिका में प्रकाशित एक चित्र का हवाला दिया और दावा किया कि BJP के वैचारिक पूर्वजों ने महात्मा गांधी समेत 10 स्वतंत्रता सेनानियों को दशानन के रूप में चित्रित किया था, लेकिन वर्तमान समय में BJP उन्हीं महापुरुषों की विरासत को अपनाने का प्रयास कर रही है।
सप्पल ने BJP के पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए कहा, “एक बार आपके पूर्वजों ने ऐसा ही एक कार्टून छापा था। अन्य लोगों के अलावा, इसमें महात्मा गांधी, सरदार पटेल, सुभाष चंद्र बोस, जवाहरलाल नेहरू को रावण के रूप में दर्शाया गया था जबकि विनायक दामोदर सावरकर और श्यामा प्रसाद मुखर्जी को राम और लक्ष्मण के रूप में।”
उन्होंने दावा किया, “दशकों बाद, आप उनमें से अधिकतर के सामने झुकने, सार्वजनिक रूप से प्रशंसा करने और सम्मान करने के लिए मजबूर हो गए हैं, जिन्हें आपके पूर्वजों ने रावण के रूप में चित्रित किया था। आज आप उनकी विरासत को अपनी विरासत के रूप में अपनाने का प्रयास करते हैं।” सप्पल ने कहा, “बस कुछ समय रुकिए, फिर वही होगा। राहुल गांधी एक ऐसे रास्ते पर चल रहे हैं जो आपको एक बार फिर झुकने पर मजबूर कर देगा, क्योंकि ‘भारत में सदैव सत्यमेव जयते।” (भाषा)